सर्दी का कहर / राजस्थान के सभी 33 जिलों में पारा 7 डिग्री से नीचे

Zoom News : Dec 19, 2020, 01:02 PM
शिमला और कश्मीर में बर्फबारी के बाद अब देश की राजधानी दिल्ली में भी कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। दिल्ली के जाफरपुर में पारा शिमला के बराबर पहुंच गया है। यहां तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। वहीं पंजाब के अमृतसर में ठंड ने दस साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां पारा 0.4 डिग्री पर पहुंच गया है। जालंधर में तापमान 1.6 डिग्री रहा। बर्फीली हवाओं ने बिहार की राजधानी पटना में भी कोल्ड डे जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। यहां एक दिन में पारा 4 डिग्री तक गिर गया।

राजस्थान: सभी 33 जिलों में पारा 70 से नीचे

राजस्थान में शीतलहर के साथ सर्दी का सितम जारी है। 24 घंटे के दौरान ही ज्यादातर शहरों में पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक और नीचे चला गया। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम था। एक भी शहर ऐसा नहीं रहा जहां रात का पारा 7 डिग्री से अधिक हो। वहीं, माउंट आबू और चांदन के बाद अब चूरू और जोबनेर में पारा माइनस में चला गया। बीती रात जोबनेर और माउंट आबू में तापमान -2.5 और चूरू में -0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान के श्रीगंगानगर में खेत पर जमी बर्फ का फोटो।

मध्य प्रदेश: 6 शहरों में पारा 5-6 डिग्री के आासपास, 23 शहरों में 10 डिग्री या उससे नीचे

मावठे के बाद बादल छंटते ही भोपाल समेत मध्य प्रदेश में अब कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। शुक्रवार को भोपाल में सीजन का पहला कोल्ड रहा। यहां दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम यानी 21.7 डिग्री दर्ज किया गया। रात का तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे 7.4 डिग्री पर पहुंच गया। 24 घंटे ठंडी हवा चली। ऐसी ठंड पड़ी कि प्रदेश के 6 शहरों में पारा 5-6 डिग्री के आसपास और 23 शहरों में 10 डिग्री या उससे कम रहा।

मध्य प्रदेश के रायसेन में पत्तों पर जमी बर्फ।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हिमाचल, कश्मीर में हुई बर्फबारी के बाद वहां से आई बर्फीली हवा से हमारे यहां ठंड बढ़ी। अभी तक अरब सागर से आई नमी ने ठंड रोक रखी थी। प्रदेश में दतिया सबसे ठंडा रहा। वहां दिन का तापमान 3.1 डिग्री दर्ज किया गया। नौगांव में पारा 4.1, ग्वालियर में पारा 4.2, खजुराहो में 4.8 डिग्री पर रहा।

बिहार: बर्फीली हवा से पटना में एक दिन के अंदर 4 डिग्री गिरा पारा

पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने पिछले 24 घंटे में बिहार के अधिकांश शहरों का तापमान 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरा दिया। सर्द हवाओं की गति 16 से 22 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जिससे आम लोगों को काफी सिहरन महसूस हुई। पटना के अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई।

मध्य प्रदेश के बीना में ठंड के कारण पेड़ जमी बर्फ की चादर।

पटना में अधिकतम पारा सामान्य से 5 डिग्री से अधिक कम रहने और न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस से कम होने से कोल्ड डे जैसे हालात बन गए हैं। दो दिन तक यही स्थिति रही तो कोल्ड डे घोषित हो जाएगा। सबसे अधिक गया में न्यूनतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस गिरावट आई। शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम है।

नई दिल्ली: एनसीआर में लगातार लुढ़क रहा पारा

राजधानी दिल्ली में इंसान से लेकर पशु-पक्षी भी ठंड की कहर के आगे बेबस दिखे। दिल्ली-एनसीआर में तापमान का पारा लगातार लुढ़क रहा है। शुक्रवार को नजफगढ़ क्षेत्र के जाफरपुर कलां में सामान्य से 6 डिग्री कम, शिमला के बराबर 2.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

जम्मू कश्मीर में जमने नली डल झील।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का समान्य तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो समान्य से 3 डिग्री कम है। पश्चिमी दिल्ली के पालम में समान्य 5 डिग्री कम 3.4 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 3.8, सफदरजंग में 4.4, नजफगढ़ में 5.9 और दिल्ली के रिज क्षेत्र में 6.2 न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

पंजाब: साइकिल बदलने से कारण ज्यादा पड़ रही ठंड

शीतलहर से पंजाब में फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शुक्रवार को अमृतसर में ठंड का 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। यहां न्यूनतम पारा 0.4 डिग्री रहा जोकि सूबे में सबसे कम है। जालंधर-कपूरथला में पारा 1.6 डिग्री रहा। शीतलहर के साथ कोहरा भी बढ़ेगा। मौसम केंद्र के डायरेक्टर डॉ. सुरिंदर पाल ने बताया कि दिन और रात के तापमान का साइकिल बदलने से ठंड ज्यादा है। पिछले साल दिन का तापमान तेजी से गिरता था, रात को चढ़ जाता था। इस साल साइकिल बदला है।

अमृतसर के इम्पीरियल सिटी इलाके में वाहनों पर जमी ओस की परत।

चंडीगढ़: चंडीगढ़ में सीजन का सबसे ठंड दिन

चंडीगढ़ में पारा लगातार गिर रहा है। यहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सीजन में सबसे कम है। अगले कुछ दिन तक और पारा गिरेगा और धुंध पड़ सकती है।

छत्तीसगढ़: ठंड बढ़ी, रायपुर में 2.5 और पेंड्रारोड में 6 डिग्री तक गिरा तापमान

उत्तर से ठंडी व पूर्व से शुष्क हवा आने के कारण छत्तीसगढ़ में ठंड ने दस्तक दे दी है। रायपुर में रात के तापमान में 2.5 डिग्री और पेंड्रा रोड में 6 डिग्री की गिरावट आई है। इससे उत्तर छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य पर आ गया है। राजधानी में अभी भी रात का तापमान 17.2 डिग्री पर है और यह सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। अंबिकापुर में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री गिरा। वहां तापमान 8.8 डिग्री रहा, जो सामान्य है।

छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पारा आठ डिग्री पर पहुंच गया। सुबह मकड़ी के जाले में जमी ओस की बूंदे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER