झारखंड चुनाव / दुमका में बोले मोदी- कांग्रेस का एक ही काम, भाजपा का विरोध और मोदी को गाली

Dainik Bhaskar : Dec 15, 2019, 03:52 PM
रांची | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दुमका में भाजपा प्रत्याशी लुइस मोदी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ये (झामुमो और कांग्रेस) अपने परिवार की चिंता करते रहे, तिजोरी भरते रहे। उनके पास झारखंड के विकास का न तो कोई रोडमैप है और न ही इरादा। उन्हें एक ही बात पता है, जहां भी मौका मिले भाजपा का विरोध करो, मोदी को गाली दो, वे बस यही कर रहे है। भाजपा का विरोध करते-करते इन्हें देश का विरोध करने की आदत हो गई है। इसमें वे कई बार सीमा रेखा भी लांघ देते हैं। 

मोदी ने यह भी कहा, ‘‘आपने समाचारों में देखा होगा कि संसद में नागरिकता कानून से जुड़ा बदलाव किया गया। पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में अन्य धर्मों के लोगों पर जुल्म हुए, उनकी बहन-बेटियों की इज्जत मुश्किल हो गई। इन तीन देशों के हिंदू, ईसाई, बौद्ध, जैन, पारसियों को यहां शरणार्थी का जीवन जीना पड़ा। इनके जीवन को सुधारने के लिए संसद के दोनों सदनों ने भारी बहुमत से नागरिकता बिल पास किया। कांग्रेस और उसके साथी हल्ला मचा रहे हैं। उनकी बात नहीं चलती तो आगजनी करते हैं। टीवी पर जो दिख रहा है, ये आग लगाने वाले कौन हैं, उनके कपड़ों से पता चल जाता है। ’’

लोगों ने फ्लैश लाइट जलाकर किया अभिवादन

दुमका में कोहरे के कारण वहां विजिबिलिटी कम थी तो जनसभा में मौजूद लोगों ने मोबाइल का फ्लैश चालू कर मोदी का अभिवादन किया। मोदी ने कहा कि अगर आपने फ्लैश लाइट ऑन नहीं की होती तो मुझे समझ नहीं आता कि कहां तक आप लोग बैठे हैं।

दुमका में भाजपा और झामुमो में है सीधा संघर्ष

दुमका सीट से इस बार पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और समाज कल्याण मंत्री लुईस मरांडी के बीच कांटे की टक्कर है। 2014 में दुमका में भाजपा की डॉक्टर लुइस मरांडी ने हेमंत सोरेन को 5262 मतों से हराया था।

पांचवें चरण में जिन 16 सीटों पर मतदान होना है उनमें राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुण्डी, सारठ, पोड़ैयाहाट, गोड्डा और महगामा विधानसभा सीट शामिल है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER