कोरोना वायरस / मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की सार्क देशों के राष्ट्र प्रमुखों से बात कहा- घबराना नहीं...

Dainik Bhaskar : Mar 15, 2020, 05:44 PM
नई दिल्ली/ इस्लामाबाद/ ढाका/ काठमांडू. दुनियाभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। भारत समेत सार्क के 8 देशों में भी हालात गंभीर होते जा रहे हैं। इन देशों में अब तक 178 मामलों की पुष्टि हुई है। भारत में सबसे ज्यादा 109 मामले सामने आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर रविवार को सार्क देशों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना संकट पर अपने विचार और तैयारियां साझा कीं। मोदी ने कहा कि तैयार रहना और घबराना नहीं, संक्रमण से लड़ने के लिए यही भारत का मंत्र है।

कोरोना से हमें साथ मिलकर लड़ना होगा: मोदी

मोदी ने कहा- डब्ल्यूएचओ ने कोरोना को महामारी घोषित किया है। हेल्थकेयर सुविधाओं को लेकर विकासशील देश होने के नाते हमारे सामने बड़ी चुनौती है। सार्क देशों को कोरोना से लड़ाई में मिलकर काम करना चाहिए और सफलता हासिल करनी चाहिए। भारत ने किस तरह इस वायरस से लड़ने का काम किया, वह मैं आपको बताया हूं। तैयार रहना और परेशान नहीं होना हमारा मंत्र रहा है। हमने ट्रैवल रिस्ट्रक्शन लगाए, लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया, मेडिकल स्टॉफ को ट्रेनिंग दी। हमने विदेशों में फंसे अपने नागरिकों का भी ध्यान रखा। विदेशों में फंसे 1400 से ज्यादा भारतीयों को वापस लाए। विदेशों में फंसे लोगों को मोबाइल टीमों के जरिए पहचाना और हमें यह भी पता चला दूसरे देश भारत में फंसे अपने नागरिकों को लेकर भी चिंतित हैं।

सार्क देशों में संक्रमितों की संख्या

देश                 संक्रमित मरीज

भारत                 109

पाकिस्तान         34

अफगानिस्तान  11

श्रीलंका         10

मालदीव         10

बांग्लादेश         02

भूटान         01

नेपाल         01

कुल                 178

भारत, पाकिस्तान और नेपाल ने बॉर्डर सील किए

कोरोना के चलते भारत, पाकिस्तान और नेपाल ने अपने-अपने बॉर्डर सील कर दिए हैं। पाकिस्तान में 7 हजार लोग सरकार की निगरानी में हैं। ये हाल के दिनों में विदेश यात्रा से लौटे हैं। भारत में करीब 50 हजार लोग निगरानी में हैं। नेपाल ने माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई रोक दी है। बांग्लादेश ने विदेश यात्राओं पर रोक लगा दी है। मालदीव, भूटान और अफगानिस्तान ने भी वीजा आवेदन प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी है। यहां करीब 8 हजार लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है।     

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER