Dungarpur Road Accident / मजदूरी करने जा रहे थे लोगों की गाड़ी को ट्रक ने मारी टक्कर, 7 लोगों की मौत

Zoom News : Oct 15, 2023, 04:57 PM
Dungarpur Road Accident : दिल्ली-मुंबई नेशनल हाईवे-48 पर ट्रक ने क्रूजर को पीछे से टक्कर मार दी। मौके पर ही क्रूजर सवार 7 लोगों की मौत हो गई। रविवार दोपहर करीब 2.30 बजे ट्रक का ब्रेक फेल होने से यह दर्दनाक हादसा हुआ है। 10 से ज्यादा लोग घायल हैं, जिन्हें हॉस्पिटल भेजा गया है। मामला डूंगरपुर के बिछीवाड़ा इलाके का है।


लोगों की मदद से पुलिस ने शवों को बाहर निकाला

जानकारी के अनुसार, बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के रतनपुर बॉर्डर के पास ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। आगे चल रही क्रूजर को टक्कर मारते हुए ट्रक निकला। क्रूजर पलट गई। मौके पर ही 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। एक-एक कर सात लाशें सड़क पर बिखर गईं। रतनपुर पुलिस चौकी समेत बिछीवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। शवों और घायलों को एंबुलेंस के जरिए डूंगरपुर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तक डूंगरपुर के जिला अस्पताल में 6 बॉडी पहुंच चुकी थीं। 6 घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों को गुजरात के साबरकांटा जिले के शामलाजी कस्बे में भर्ती कराया गया है।


हादसे में घायल डूंगरपुर के हीराता निवासी राहुल ने बताया- मैं क्रूजर में आगे बैठा था। गाड़ी तेज रफ्तार चल रही थी। ऊपर-नीचे सवारियां भरी हुई थीं। ट्रक की टक्कर से गाड़ी 2 बार पलटी खा गई। फिर ट्रक गाड़ी के ऊपर चढ़ गया। इसके बाद मैं भी बेहोश हो गया।


लड़की के शव की नहीं हो पाई पहचान

7 में से चार शवों की पहचान हो पाई है। इनमें क्रूजर सवार धनपाल (24) पुत्र गटूलाल डोडियार निवासी साजनपुरा (डूंगरपुर), हेमंत पुत्र नाथू निवासी लांबा पारडा (डूंगरपुर), मुकेश (32) पुत्र मोहन रोत निवासी महूडी (डूंगरपुर) और राकेश पुत्र शंकरलाल रोत निवासी हीराता (डूंगरपुर) शामिल हैं। एक लड़की के शव की भी पहचान नहीं हो सकी है। उसके हाथ पर RK लिखा हुआ है। इसके अलावा 2 और शव हैं, जिनकी पहचान करने की कोशिश जारी है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER