बॉलीवुड / बहन अर्पिता के लिए सलमान खान ने कैंसिल की बर्थडे पार्टी, जानें क्या है मामला

News18 : Dec 26, 2019, 02:09 PM
मुंबई। बॉलीवुड के दबंग यानी सलमान खान (Salman Khan Birthday) कल यानी 27 दिसंबर को अपना 54वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं। यूं तो सलमान खान हर साल अपना जन्मदिन पनवेल स्थित अपने आलीशान फर्महाउस पर मनाते हैं। वह अपना जन्‍‍‍‍‍‍मदिन परिवार और दोस्तों के साथ सेलिब्रेट करते हैं। इस पार्टी की खूब चर्चा भी रहती है। लेकिन, सलमान से जुड़े सूत्रों की मानें तो इस बार उन्‍होंने अपनी बर्थडे पार्टी और बाकी सभी प्‍लांस कैंसिल कर दिए हैं। ये सब सलमान ने अपनी बहन अर्पिता (Salman Khan Sister Arpita Khan) खान की वजह से किया है।

सलमान खान अपना 54वां जन्मदिन बहन अर्पिता के साथ खास अंदाज में मनाने वाले हैं। दरअसल, अर्पिता एक बार फिर प्रेग्नेंट हैं। डॉक्टर ने अर्पिता को 27 दिसंबर की ही डिलीवरी डेट दी है यानी सलमान के बर्थडे के दिन ही उनका दूसरा बच्चा भी दुनिया में आने वाला है। सूत्रों की मानें तो इसी के चलते सलमान ने अपने जन्मदिन पर बहन अर्पिता के साथ रहने का फैसला किया है।

अरबाज के घर रखी गई है सलमान की बर्थडे पार्टी

खबरें ऐसी भी हैं कि अर्पिता और उनके पति आयुष शर्मा ने डॉक्टर से खास सलमान खान के जन्मदिन के दिन 27 दिसंबर की 'सी सेक्शन' के जरिये डिलीवरी डेट ली है। सलमान के करीबी सूत्रों के मुताबिक, इस साल उनके जन्मदिन की पार्टी छोटे भाई अरबाज के घर रखी गई है, जिसमें 'दबंग' के परिवार और अर्पिता के साथ-साथ उनके करीबी शामिल रहेंगे।

सलमान को स्‍पेशल गिफ्ट देना चाहती हैं अर्पिता

सूत्रों की मानें तो अर्पिता भाई सलमान को उनके जन्मदिन पर सी सेक्शन डिलीवरी के जरिये नन्हें मेहमान का तोहफा देना चाहती हैं। वाकई ये सलमान खान के लिए काफी स्पेशल गिफ्ट होगा। ये तो जाहिर है कि सलमान अपने भांजे आहिल से कितना प्यार करते हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER