जांजगीर / हैरान करने वाली मां, अपने दो बच्चों की हत्या कर शौचालय में छिपाया शव

Dainik Bhaskar : Feb 04, 2020, 04:19 PM
जांजगीर | छत्तीसगढ़ के जांजगीर में मंगलवार को एक महिला ने अपने ही दो बच्चों की गला घोेंटकर मार डाला। इसके बाद उनके शवों को घर के पास ही बने एक टॉयलेट में छिपा दिया। महिला ने अपनी तीसरी बच्ची का भी गला दबाकर जान लेने का प्रयास किया, लेकिन वह बच गई। पति को जब काफी देर तक बच्चे दिखाई नहीं दिए तो उसने तलाश शुरू की। इसके बाद पूरा मामला सामने आया। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पति-पत्नी के विवाद में हत्या करने की आशंका

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिरगहनी निवासी बलराम यादव और रंजीता यादव के तीन बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। पति से झगड़े के बाद गुस्से में रंजीता ने अपने दो बच्चों की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शवों को घर के पास बने शौचालय में ही छिपाकर रख दिया। मृत दोनों बच्चों की उम्र 3 माह और ढाई साल बताई जा रही है।

महिला ने अपनी तीसरी बच्ची का भी गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया, लेकिन उसे बचा लिया गया है। काफी देर तक जब बच्चे नहीं दिखाई दिए तो पति बलराम ने तलाश शुरू की। इसके बाद घटना का पता चला तो उसने पुलिस काे सूचित किया। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं। तीसरी बच्ची को उपचार के लिए भर्ती किया गया है। घटना के कारणों को लेकर आरोपी महिला से पुलिस पूछताछ कर रही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER