अलवर / स्विफ्ट कार में आए बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर मॉर्निंग वॉक पर आई महिलाओं के जेवर लूटे

Dainik Bhaskar : Nov 17, 2019, 03:08 PM
भिवाड़ी | जिले में गांधी कुटीर के पास रविवार अलसुबह मार्निंग वॉक पर निकली महिलाओं से स्विफ्ट कार में आए बदमाशों ने हथियारों के बल पर जेवरात लूटे और भाग निकले। वारदात के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। नाकाबंदी करवाई। वहीं, जेवर लूटने की वजह से महिलाएं और उनके परिजन घबरा गए।

चंद मिनटों में हुई चार महिलाओं से लूटपाट की वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। वे फूलबाग भिवाड़ी पुलिस स्टेशन पहुंचे। वहां नारेबाजी करते हुए लुटेरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। तब पुलिस उच्चाधिकारियों ने आश्वासन देकर भीड़ को शांत किया।

जानकारी के अनुसार वारदात भिवाड़ी में ट्री हाउस के पास मार्निंग वॉक पर आई चार महिलाओं के साथ हुई। बताया जा रहा है कि स्विफ्ट कार में सवार होकर बदमाशों के पास पिस्तौल, लोहे की रॉड थी। उन्होंने बेखौफ होकर एक के बाद एक तीन महिलाओं के मंगलसूत्र लूटे लिए। वहीं, चौथी महिला से लूटपाट का प्रयास किया। 

बदमाशों ने पहले महिलाओं को पिस्टल दिखाई। इसके बाद जेवरात लूटे और धमकाते हुए भाग निकले। महिलाओं का आरोप था कि उन्होंने लूटपाट के बाद पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर फोन किया था। लेकिन इन नंबरों पर संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद फूलबाग थाने पर पहुंचकर सूचना दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और बदमाशों की तलाश में जुटी। 


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER