दहशत का माहौल / घर में घुसा तेंदुआ तो कमरे में कैद हुआ परिवार, जाल तोड़कर प्लॉट में भागा, घेराबंदी जारी

Zoom News : Mar 04, 2022, 11:48 AM
मेरठ के मोदीपुरम के गांव दुल्हैड़ा की ओर से होता हुआ शुक्रवार सुबह एक तेंदुआ पल्लवपुरम के क्यू पॉकेट के मकान नंबर 72 में घुस गया। जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। पिछले एक घंटे से परिवार कमरे में कैद है। सूचना पर पुलिस व भीड़ इकट्ठा हो गई।

मकान मालिक स्वप्निल ने बताया कि जोरदार आवाज आने पर उन्होंने खिड़की से बाहर झांक कर देखा था तो उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें बाहर आने से मना किया। उनके अलावा उनकी पत्नी प्रीति शर्मा, माता आभा शर्मा, भाभी और दो बच्चे घर में बंद हैं।

वहीं पुलिस ने वन विभाग को मामले की जानकारी दी है। एक घंटे बाद भी टीम मौके पर नहीं पहुंची। तेंदुए को सबसे पहले डॉ राजकुमार चौधरी ने भागते हुए देखा था। उन्हीं के शोर मचाने पर भीड़ एकत्रित हुई और तेंदुआ स्वप्निल के घर में घुस गया।

पहले तेंदुआ मकान में बंद था। यहां जाल लगाकर उसे कैद करने की कोशिश की गई। तेंदुआ जाल में फंस भी गया था लेकिन कुछ ही देर बाद वह जाल से निकलकर एक खाली प्लॉट में जा पहुंचा। इस दौरान तकरीबन 400 मीटर तक तेंदुआ दौड़ता रहा।

हालांकि आसपास मौजूद भीड़ पर उसने हमला नहीं किया। तेंदुआ केवल अपनी जान बचाने के लिए दौड़ता रहा। अब फिर से तेंदुए को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग ने तेंदुए के पास प्लॉट में एक ही जाल लगाया लेकिन अब दूसरा जाल मंगवाया गया है। 

बताया गया कि प्लॉट में ही तेंदुआ बैठा हुआ है। यदि वहीं पर उसे गन लग जाती तो उसे पकड़ लिया जाता। अब पल्लवपुरम फेज 2 मुख्य डिवाइडर रोड के पास एक प्लॉट जो खाली है उसमें तेंदुआ बैठा हुआ है जिसकी दोबारा से घेराबंदी की जा रही है।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER