राजस्थान / सीकर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट में 14 लोग झुलसे, नौ की हालत गंभीर

News18 : Feb 13, 2020, 05:58 PM
सीकर। जिला मुख्यालय के शेखपुरा मोहल्ले में स्थित कुरेशिया क्वार्टर बिल्डिंग में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर फटने (Gas cylinder Blast) के कारण 14 लोग झुलस गए। सिलेंडर ब्‍लास्‍ट धमाके से पूरी बिल्डिंग दहल गई और इलाके में दहशत फैल गई। घायलों को कल्याण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से 9 लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जयपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक समेत अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और वहां का जायजा लिया।

हादसे के बाद एक बच्चा मिसिंग

कोतवाली थानाधिकारी कन्हैयालाल ने बताया कि हादसा शहर के वार्ड नंबर-33 में स्थित कुरेशिया क्वार्टर में रहने वाले नंदलाल सिंधी के घर पर हुआ। वहां सुबह नाश्ता बनाने के दौरान गैस लिकेज से सिलेंडर में जबर्दस्त ब्लास्ट हो गया। उस समय बिल्डिंग में काफी लोग थे। हादसे में 14 लोग घायल हो गए। ब्लास्ट से बिल्डिंग को काफी नुकसान पहुंचा है। कई जगह दीवार गिर गई तो कई जगह दीवारों में दरारें आ गईं। हादसे में 14 लोग झुलस गए। सिलेंडर फटने के बाद एक बच्चा भी मिसिंग है। उसे ढूंढ़ने का प्रयास किया जा रहा है।

आलाधिकारी और जनप्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। किसी को कुछ समझ में नहीं आया। बाद लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी और घायलों को कल्याण अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में एक साथ बड़ी संख्या में घायल आ जाने से वहां भी अफरातफरी मच गई। यहां नौ लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक गगनदीप सिंगला, विधायक राजेन्द्र पारीक और नगर परिषद सभापति जीवन खान भी मौके पर पहुंचे और घायलों की जानकारी ली। वहीं बड़ी संख्या में शहरवासी भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मोहल्ले में अभी भी दहशत का माहौल है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER