Tripura elections2022 / त्रिपुरा चुनाव से पहले BJP नें बदला CM अब से माणिक साहा होंगे नए मुख्यमंत्री,आधिकारिक घोषणा अभी बाकी

Zoom News : May 14, 2022, 06:38 PM
माणिक साहा त्रिपुरा के मुख्यमंत्री अगले मुख्यमंत्री होंगे। बिप्लब देब ने शनिवार शाम 4:30 बजे इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे के बाद बिप्लब ने कहा, 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी करनी है। यह भी बोले कि इस बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत भी हो चुकी है। लेकिन, सूत्रों का कहना है कि अमित शाह ने एक दिन पहले हुई मुलाकात में यह साफ कर दिया था कि वे चुनाव में नए चेहरे के साथ उतरना चाहते हैं।

माणिक साहा त्रिपुरा भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद हैं। सूत्रों के मुताबिक सीएम की रेस में डिप्टी सीएम जिश्नु देव वर्मा का नाम भी चर्चा में था। त्रिपुरा में फरवरी 2023 में चुनाव होने हैं। बिप्लव के इस्तीफे के बाद भाजपा ने भूपेंद्र यादव और विनोद तावड़े को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। आज रात 8 बजे विधायक दल की बैठक शुरू होगी।

बिप्लब बोले- पार्टी सबसे ऊपर और मैं निष्ठावान कार्यकर्ता

इस्तीफे के तुरंत बाद मीडिया के सामने आए बिप्लब ने कहा, "पार्टी सर्वोपरि है और मैं एक निष्ठावान कार्यकर्ता हूं। हाईकमान ने मुझ पर भरोसा जताया था और अब इस्तीफा देने के लिए कहा है इसलिए मैंने इस्तीफा दे दिया। इस बारे में मैंने पीएम मोदी और अमित शाह से बात कर ली है। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव में देरी है। अब मैं पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करूंगा।"

नया मुख्यमंत्री 2023 चुनाव की तैयारियों के लिहाज से ही तय किया जाएगा। पार्टी इस बार पिछले बार के लोकप्रिय नारे 'चलो पलटाईं' से किनारा करते हुए विकास के कामों पर जनता के बीच जाने की योजना बना रही है।

2018 में त्रिपुरा में पहली बार बनी थी भाजपा सरकार

त्रिपुरा में 2018 में पहली बार भाजपा की सरकार बनी थी, जिसके बाद बिप्लव को मुख्यमंत्री बनाया गया था। सूत्रों के मुताबिक, पिछले महीने करीब 14 भाजपा के विधायकों ने गुट बनाकर हाईकमान से शिकायत की थी। हर बार बिप्लब देव की काबिलियत को लेकर निशाना साधा गया। हालांकि, उस वक्त कोई फैसला नहीं लिया गया था। अब चुनाव को देखते हुए पार्टी ने सख्त कदम उठा लिया है।

भाजपा ने 11 महीने में 4 राज्यों के मुख्यमंत्री बदले

भाजपा ने पिछले 11 महीने में 4 राज्यों मुख्यमंत्री बदले हैं। पिछले साल जुलाई 2021 को तीरथ सिंह रावत को हटाकर पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड का सीएम बनाया था। इसी महीने कर्नाटक के सीएम बीएस येदुरप्पा को इस्तीफा दिलाकर बसव राज बोम्मई को मुख्यमंत्री बनाया था। इसके बाद सितंबर में विजय रूपाणी को हटाकर भूपेंद्र भाई पटेल को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया है। अब त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने अपने पद से इस्तीफा दिया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER