महिलाओं में ट्यूब ब्लॉकेज: कारण, लक्षण और आयुर्वेदिक उपचार, एक्सपर्ट से जानें पूरी जानकारी

महिलाओं में गर्भधारण न हो पाने का एक बड़ा कारण फैलोपियन ट्यूब का ब्लॉक होना है। आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉक्टर चंचल शर्मा ने इसके कारणों, एचएसजी टेस्ट की अहमियत और उत्तर बस्ती जैसे प्राकृतिक उपचारों के बारे में विस्तार से बताया है।

प्रेगनेंसी कंसीव करने में अगर किसी महिला को दिक्कत आ रही हो, तो डॉक्टरों द्वारा की जाने वाली जांचों में फैलोपियन ट्यूब की जांच सबसे महत्वपूर्ण होती है। फैलोपियन ट्यूब महिलाओं के प्रजनन तंत्र का एक बेहद अहम हिस्सा हैं क्योंकि ये एग यानी अंडे को गर्भाशय तक पहुंचाने का मुख्य कार्य करती हैं। जब किन्हीं कारणों से ये ट्यूब ब्लॉक हो जाती हैं, तो गर्भधारण करने में गंभीर समस्या आने लगती है। विशेषज्ञों के अनुसार, इसके पीछे कई स्वास्थ्य संबंधी कारण हो सकते हैं जिन्हें समझना जरूरी है।

ट्यूब ब्लॉक होने के मुख्य कारण

आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉक्टर चंचल शर्मा बताती हैं कि ट्यूब ब्लॉक होने के पीछे कई वजहें हो सकती हैं। इनमें पेल्विक इंफेक्शन यानी पेल्विक क्षेत्र में होने वाला संक्रमण एक प्रमुख कारण है। इसके अलावा एंडोमेट्रियोसिस और यौन संचारित संक्रमण (एसटीआई) के कारण भी ट्यूब में रुकावट आ सकती है। कभी-कभी टीबी (तपेदिक) जैसी गंभीर बीमारियों की वजह से भी महिलाओं की ट्यूब ब्लॉक हो जाती है। इस समस्या की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि शुरुआत में इसके कोई स्पष्ट लक्षण नजर नहीं आते हैं। अक्सर जब महिलाएं लंबे समय तक प्रेगनेंट होने की कोशिश करती हैं और सफल नहीं हो पातीं, तब जांच के दौरान इस समस्या का पता चलता है।

एचएसजी टेस्ट की अनिवार्यता

ट्यूब की स्थिति का पता लगाने के लिए एचएसजी टेस्ट कराना बहुत जरूरी होता है। एचएसजी या हिस्टेरोसाल्पिंगोग्राम (Hysterosalpingogram) एक विशेष प्रकार का एक्सरे है और यह टेस्ट विशेष रूप से गर्भाशय और फैलोपियन ट्यूब की जांच के लिए किया जाता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं। इस टेस्ट के जरिए ही डॉक्टर यह देख पाते हैं कि ट्यूब में कहीं कोई रुकावट तो नहीं है जो गर्भधारण में बाधा बन रही हो।

आयुर्वेदिक दृष्टिकोण और उपचार

आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉक्टर चंचल शर्मा का मानना है कि वह केवल कुछ समय के इलाज के बजाय पूरी तरह से और प्राकृतिक रूप से ठीक होने पर जोर देती हैं। बांझपन के इलाज के लिए आयुर्वेद को एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है क्योंकि इसमें ऐसी किसी भारी दवा का उपयोग नहीं किया जाता जिसके शरीर पर दुष्प्रभाव या साइड-इफेक्ट्स हों और आयुर्वेद शरीर की आंतरिक शक्ति को जगाकर समस्या को जड़ से खत्म करने का प्रयास करता है।

ट्यूब ब्लॉकेज के लिए प्राकृतिक और आयुर्वेदिक उपाय

  • लाइफस्टाइल और दिनचर्या: डॉक्टर चंचल के अनुसार, खराब जीवनशैली समस्याओं को और बढ़ा सकती है। यदि आप प्राकृतिक रूप से कंसीव करना चाहती हैं, तो एक अनुशासित और सही दिनचर्या का पालन करना अनिवार्य है।
  • एंटी-इंफ्लेमेटरी डाइट: अपने आहार में हल्दी, अदरक, लहसुन और खट्टे फलों को शामिल करें। ये खाद्य पदार्थ एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों, एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन सी से भरपूर होते हैं जो शरीर की सूजन कम करने में मदद करते हैं।
  • बुरी आदतों का त्याग: धूम्रपान और शराब के सेवन से पूरी तरह बचना चाहिए। ये आदतें प्रजनन तंत्र और फैलोपियन ट्यूब की कार्यक्षमता पर बहुत बुरा असर डालती हैं।
  • योग और मेडिटेशन: तनाव हार्मोनल असंतुलन का एक मुख्य कारण है। रोजाना 5-10 मिनट मेडिटेशन करने से मानसिक तनाव कम होता है। इसके अलावा, कुछ विशेष योगासन पेल्विक एरिया में रक्त के संचार को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं।
  • पेल्विक और पेट की मालिश: कुछ विशेषज्ञ रक्त संचार बढ़ाने और पेल्विक एडहेसन्स (अंदरूनी खिंचाव या रुकावट) को कम करने के लिए पेट की मालिश की सलाह देते हैं।
  • उत्तर बस्ती प्रक्रिया: आयुर्वेद में 'उत्तर बस्ती' एक विशेष तकनीक है। इसमें औषधीय तेलों को धीरे-धीरे गर्भाशय के मार्ग से अंदर डाला जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य ट्यूब में आई रुकावटों और ट्यूब-अडेशन्स को प्राकृतिक रूप से खत्म करना होता है।