बिहार / दबंगों ने घर में घुसकर छात्रा को जिंदा जलाया, हालत गंभीर

Live Hindustan : Dec 09, 2019, 07:48 AM
मुजफ्फरपुर से सटे अहियापुर के नाजिरपुर गांव में शनिवार को दबंगों ने घर में घुसकर एक छात्रा को जिंदा जला दिया। घटना के वक्त लड़की अपने घर में अकेली थी। आग लगाने के बाद बदमाश ने ही अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसे निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया और भाग गया। रविवार को परिजनों ने उसे एसकेएमसीएच में भर्ती कराया है। लड़की नब्बे फीसदी से अधिक जल चुकी है। एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपित राजा राय को गिरफ्तार कर लिया गया है।

लड़की की मां ने बताया कि बगल में रहने वाला राजा राय उनकी बेटी को लंबे समय से परेशान कर रहा था। बाद में उसके डर से उसकी पढ़ाई तक छुड़वा दी। वह बीए की छात्रा थी। कई बार शिकायत अहियापुर पुलिस से की मगर मगर अबतक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। लड़का का पिता दबंग है। हमारी शिकायत पर पुलिस उसके यहां जाकर लौट आती थी। उस पर कार्रवाई करने के बजाय समझौता करने का दबाव बनाती थी। चार बच्चों में यह सबसे छोटी थी। दो बेटियों की शादी हो चुकी है जबकि बेटा पटना में रहता है। खुद कटरा में सरकारी नौकरी में होने के कारण दिन में बच्ची घर में अकेली रहती थी। पुलिस से कोई सहायता नहीं मिलते देख दो महीने पहले आजिज आकर उनलोगों आरोपित से शादी करने का भी प्रस्ताव रखा मगर उसके पिता ने मना कर दिया। लड़के की हरकत से लड़की और हमलोगों का जीना मुहाल हो गया था।

शनिवार को राजा फिर घर में घुस आया था। शाम में बगल की एक बच्ची ने फोन कर बताया कि घर में आग लग गई है। बगल के लेागों ने बताया कि आरोपित अपने कुछ दोस्तों के साथ लड़की को उठाकर बगल के एक अस्पताल में भर्ती कराकर भाग गया। घटना के वक्त बच्ची को छटपटाते सबने देखा था। मामला गंभीर होने के बाद डॉक्टरों की सलाह पर बच्ची को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। नब्बे फीसदी से अधिक जलने के कारण लड़की कोमा में है।

लड़की की मां और भाई ने बताया कि पुलिस दबंगों के दबाव में है। छठ के समय भी शिकायत की थी मगर कोई कार्रवाई नहीं की। घटना के बाद भी पुलिस को सूचना दी गई। मगर पुलिस बयान नहीं दर्ज की। न तो कोई वरीय अधिकारी आए और न ही आरोपी को पकड़ने की कोशिश की गई। 

जानकारी मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई की गई है। पीछे के मामलों को भी देखा जा रहा है। मुख्य आरोपी राजा राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है। 

घटना के 24 घंटे बाद भी थानाध्यक्ष ने कहा- जानकारी नहीं

घटना के चौबीस घंटे के बाद भी अहियापुर थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। पता करते हैं। वहीं लड़की की मां और भाई मेडिकल कॉलेज में कई बार कहा कि  घटना के बाद भी उनलोगों ने पुलिस को खबर की थी। उसके पहले तो कई बार इसकी शिकायत की थी। हालांकि बयान दर्ज होने के तीन घंटे बाद ही एसएसपी ने मुख्य आरोपी के गिरफ्तार होने की बात कही। 


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER