देश / सिक्किम में अतिक्रमण कर रहा था चीन, भारतीय लेफ्टिनेंट ने एक मुक्के में चीनी मेजर को कर दिया चित

News18 : May 12, 2020, 05:48 PM
नई दिल्ली। उत्तरी सिक्किम (North Sikkim) में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) पर भारतीय सेना (Indian Army) के जवानों और चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के जवानों की झड़प के बाद लद्दाख सीमा (Ladakh) पर चीनी चॉपर्स देखे जाने का मामला सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक चीन के सैन्य हेलीकॉप्टर लद्दाख की LAC के बहुत करीब उड़ान भर रहे थे।

इससे पहले उत्तरी सिक्कम में पिछले दिनों भारत और चीनी सेना के बीच तीखी झड़प की खबर सामने आई थी। इस नोक-झोंक में दोनों सेनाओं के बीच हाथापाई भी हुई थी। द क्विंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक सिक्किम (Sikkim) के मुगुथांग में भारतीय सेना के एक लेफ्टिनेंट ने चीनी सेना के मेजर की नाक पर मुक्का मारकर उसकी नाक से खून निकाल दिया था।

ये था पूरा मामला

पिछले सप्ताह सिक्किम में चीन की सेना अतिक्रमण करने की फिराक में थी जिसे भारतीय सैनिकों ने अपनी जाबांजी से रोक दिया था। इसी दौरान चीनी सैनिक ने कहा था कि सिक्किम तुम्हारी जमीन नहीं है, यह भारत का हिस्सा नहीं है और तुम लोग वहां से वापस चले जाओ। चीन के इस मेजर की बात पर युवा लेफ्टिनेंट को गुस्सा आ गया और उसने कहा, "क्या, सिक्किम हमारा हिस्सा नहीं है, तेरी बला से।"

लेफ्टिनेंट की बात सुनकर चीनी मेजर उनके वरिष्ठ अधिकारी की ओर बढ़ने लगा तो लेफ्टिनेंट ने उस पर छलांग लगाते हुए उसकी नाक पर जोरदार मुक्का मार दिया। चीनी सेना का मेजर वहीं गिर गया और उसकी नेमप्लेट निकल आई। ये भारतीय लेफ्टिनेंट के लिए अपने साथ लाने की अच्छी निशानी थी लेकिन तभी उनके साथी उन्हें खींचकर पीछे की ओर ले आए। इस घटना के लिए लेफ्टिनेंट को शाबाशी भी मिली और डांट भी। क्योंकि ऐसा करना बड़ा विवाद पैदा कर सकता है।


पूर्वी लद्दाख में भी हुई थी झड़प

रविवार को सूत्रों ने जानकारी दी थी कि भारत और चीन के सैनिकों के बीच पूर्वी लद्दाख और दोनों देशों के बीच सीमा से लगे सिक्किम सेक्टर में नाकू ला दर्रे के पास दो तीखी झड़पें हुई हैं। इन झड़पों में दोनों ओर के कई सैनिक घायल हो गए।

सूत्रों ने बताया कि पहली घटना पांच मई देर शाम पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग झील के उत्तरी किनारे पर हुई जिसमें भारतीय जवानों और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई। दोनों पक्षों के बीच गतिरोध अगली सुबह बातचीत के बाद समाप्त हुआ। सूत्रों ने बताया कि इसमें दोनों ओर के कई सैनिकों को मामूली चोटें आयीं क्योंकि उनके बीच घूंसे चले और उन्होंने एकदूसरे पर पथराव भी किया। सूत्रों ने बताया कि दोनों देशों के सैनिकों के बीच झड़प की इस घटना में करीब 200 कर्मी शामिल थे। झड़प के बाद दोनों ओर से अतिरिक्त सैनिक तैनात किए गए।

सिक्किम में दस सैनिकों को आई थीं चोटें

सूत्रों ने बताया कि एक अन्य घटना में करीब 150 भारतीय सैनिक और चीनी सैन्य कर्मियों के बीच चीन-भारत सीमा के सिक्किम सेक्टर के नाकू ला दर्रे के पास झड़प हुई। इस झड़प में कम से कम 10 सैनिकों को चोटें आयीं।

दोनों देशों के सैनिकों के बीच इस तरह की घटना पैंगोंग झील के पास अगस्त 2017 में हुई थी। उसके बाद यह ऐसी पहली घटना है जिसमें दोनों ओर के सैनिकों के बीच घूंसे चले हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER