कोरोना वायरस / जापान की गर्मियों में लोकप्रिय हो रहे हैं 'ठंडे' मास्क, जानें कैसे होते हैं ये

News18 : May 21, 2020, 12:49 PM
जापान: कोरोना वायरस महामारी दुनियाभर में फैल चुकी है। इसमें मास्क पहनना जरूरी है। हालांकि बढ़ती गर्मियों के बीच मास्क पहनना भी मुश्किल होगा। इसे देखते हुए जापान में खास तरह के मास्क बाजार में आ गए हैं। इन्हें आइसी मास्क कहा जा रहा है। ये गर्मी में भी शीतलता का अहसास कराते हैं। जापान में तो ये तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।

ऐसे में आप कह सकते हैं कि जापान के पास गर्मियों में मास्क पहनने का सबसे अच्छा तरीका मौजूद है। ये ऐसे कपड़ों से बनाये जाते है, जो ठंडे होते हैं। कह सकते हैं कि गर्मी के बीच इनकी फीलिंग ठंडी होती है। उन्हें पहनने पर आपको गर्मी महसूस नहीं होती। ना ही ये लगता है कि मास्क के भीतर गर्म हवा इकट्ठा हो रही है।

जापान में वेंडिंग मशीन से बेचे जा रहे हैं

जापान में ये जगह-जगह वेंडिंग मशीन के जरिए बेचे जा रहे हैं। ये कोरोना वायरस से बचाव में उपयोगी हैं और गर्मियों से बचाने में भी। इनसे गर्मियों के दौरान मास्क के भीतर सांस लेने जैसी दिक्कतें नहींं होती हैं।

मशीनों में ठंडे तापमान में रखते हैं

जापान में इन्हें वेंडिंग मशीनों में 04 डिग्री सेल्सियस पर रखा जाता है। जापान टाइम्स के अनुसार जापान में रोज ऐसे मास्क एक वेंडिंग मशीन से करीब 400 बिक जाते हैं। हालांकि इनका इस्तेमाल करने वालों का कहना है कि ये मास्क एक बार के इस्तेमाल के लिए तो ठीक हैं लेकिन उसके बाद ये उतने ठंडे नहीं रह जाते।

जापान में गर्मी में आरामदायक हैं ये मास्क

जापान के कई इलाकों में अब तापमान 30 डिग्री के ऊपर चला गया है। ये वहां के लिए बहुत ज्यादा तापमान है। ऐसे में इतने गर्म मौसम में मास्क पहनना एक बड़ी चिंता बन गई। तो कंपनी ने ऐसा आइसी मास्क बाजार में पेश कर दिया।

चीन के मीडिया ने भी की तारीफ 

चीन के मीडिया में भी इस तरह के मास्क की तारीफ की गई है। इसके अनुसार, जब जापान में कई जगहों पर तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच गया तो उससे निपटने के लिए जापान के एक बड़े उद्यम ने बर्फीले मास्क बेचने का उपाय सोचा।

जापान की बर्फीली संस्कृति

जापानी असाही शिंबुन की रिपोर्ट के मुताबिक जापान के यामागाटा प्रीफेक्चर में खास बर्फीली संस्कृति मौजूद है। स्थानीय लोगों को नुडल्स और शैम्पू को ठंडा बनाकर बेचने की आदत है। इसी के आधार पर ये बर्फीले मास्क बेचने का काम शुरू हुआ।

कितना है एक मास्क का दाम

मार्च के मध्य में जापान के इस उद्यम ने मास्क बनाना शुरू किया। उद्यम के प्रभारी ने ऑटो बिक्री मशीन से बर्फीली मास्क बेचने का सुझाव दिया। उपभोक्ता इस तरह के मास्क पहने से ठंडक महसूस करता है।

खबर है कि हरेक मास्क का दाम करीब 6।5 यूएस डॉलर (करीब 470 रुपए) है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER