COVID-19 / दिल्ली में कोरोना का कहर, अमित शाह ने केजरीवाल के साथ बुलाई हाई लेवल बैठक

AajTak : Jun 13, 2020, 04:39 PM
दिल्ली:  देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। हर रोज हजारों की संख्या में राजधानी में कोरोना मरीजों के आंकड़े में  इजाफा देखने को मिल रहा है। अब गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ बैठक बुलाई है।

दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर गृहमंत्री अमित शाह ने कल सुबह 11 बजे उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ। हर्षवर्धन, एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया, दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल सहित गृह मंत्रालय के दूसरे अधिकारी शामिल रहेंगे।

राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के लगातार बढ़ रहे पॉजिटिव मामलों के बीच हाल ही में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच दिल्ली में कोरोना वायरस के हालात को लेकर काफी चर्चा भी की गई थी।

दिल्ली में यूं तो आम आदमी पार्टी की सरकार है लेकिन केंद्रशासित प्रदेश होने की वजह से उसे केंद्र के साथ तालमेल करना पड़ता है। दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं में भी केंद्र सरकार का काफी दखल है। दिल्ली में कई अस्पताल केंद्र के अंतर्गत आते हैं। साथ ही दिल्ली में कानून व्यवस्था लागू करवाने की जिम्मेदारी भी केंद्र की ही है। ऐसे में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों से दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार दोनों चिंतित हैं।

दिल्ली में कितने मामले?

देश में महाराष्ट्र और तमिलनाडु के बाद दिल्ली कोरोना वायरस के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित है। दिल्ली में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 36 हजार के पार हो चुका है। दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल मरीजों की संख्या 36824 हो चुकी है। इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना के कारण अब तक 1214 लोगों की मौत हो चुकी है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER