दुनिया / रूसी राष्ट्रपति पुतिन की बेटियां, जिन्हें दी गई कोरोना वैक्सीन

NavBharat Times : Aug 12, 2020, 08:20 AM
रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने ऐलान किया है कि उनके देश ने दुनिया की पहली कोरोना वायरस वैक्सीन को बना लिया है। उन्‍होंने कहा कि रूस के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने इस कोरोना वायरस वैक्‍सीन को अपनी मंजूरी दे दी है। राष्‍ट्रपति पुतिन ने यह भी बताया कि उनकी एक बेटी को यह टीका लगाया जा चुका है। जो अब स्वस्थ महसूस कर रही है। हालांकि यह नहीं बताया गया है कि उनकी किस बेटी को वैक्सीन का डोज दिया गया है।

​पुतिन की एक बेटी को भी लगी वैक्सीन

पुतिन ने कहा कि इस वैक्सीन के ट्रायल के दौरान उनकी एक बेटी ने भी हिस्सा लिया। पहले चरण के वैक्सीनेशन के बाद उसके शरीर का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस था, जबकि अगले दिन यह 37 डिग्री सेल्सियस हो गया था। वैक्सीन ने दूसरे चरण के बाद उसके शरीर का तापमान थोड़ा बढ़ा लेकिन बाद मे सब ठीक हो गया। वह अब अच्छा महसूस कर रही है।


रहस्यों से भरी है पुतिन की निजी जिंदगी

रूसी राष्ट्रपति पुतिन की निजी जिंदगी रहस्यों से भरी हुई है। ऐसे में उनके परिवार के बारे में बहुत कम जानकारी ही दुनिया के लोगों को पता है। खुद रूसी सरकार ने भी पुतिन की जिंदगी से जुड़ी जानकारियों को छिपाने की खूब कोशिश की है। उन्होंने कभी भी सार्वजनिक रूप से अपने परिवार के सदस्यों को आने नहीं दिया है।


पहली पत्नी से पुतिन की हैं दो बेटियां

रूसी रिपोर्ट्स के अनुसार, पुतिन ने पहली शादी लगभग 35 साल पहले ल्यूडमिला शकरबेनेवा से की थी। वह रूसी एयरलाइन में फ्लाइट अटेंडेंट का काम करती थीं। पुतिन को अपनी पहली पत्नी से दो बेटियां मिलीं, जिनके नाम मारिया और कैटरीना है। कहा यह भी जाता है कि उनकी कथित गर्लफ्रेंड ने भी 2015 में एक बेटी को जन्म दिया था।


पहली बेटी का रूस तो दूसरी का जर्मनी में हुआ था जन्म

मारिया का जन्म लेलिनग्राद में सन 1985 में हुआ था, जबकि कैटरीना का जन्म 1986 में जर्मनी में हुआ था। कैटरीना के जन्म के समय पुतिन रूस की खुफिया एजेंसी केजीबी के लिए काम करते थे। तब उनकी पोस्टिंग जर्मनी में थी। बताया जाता है कि दोनों बेटियों का नामांकरण पुतिन की मां ने किया था।


माशा और कात्या के नाम से बेटियों को बुलाते हैं पुतिन

पुतिन अपनी बड़ी बेटी को माशा जबकि छोटी बेटी को कात्या के नाम से बुलाते हैं। पुतिन 1996 में जर्मनी से अपने परिवार को लेकर रूस आ गए। राष्ट्रपति बनने के बाद से उनकी बेटियों की पढाई लिखाई घर पर ही की गई। बताया जाता है कि रूसी राष्ट्रपति की बेटियों का मीडिया कवरेज भी रूस में बैन है।


इस समय क्या कर रही हैं पुतिन की बेटियां

डेली मेल के अनुसार, पुतिन की बड़ी बेटी मारिया की शादी नीदरलैंड के एक बिजनेसमैन से हुई है। वे मेडिकल और एजुकेशन के क्षेत्र में काम करती हैं। जबकि छोटी बेटी कैटरीना रूस में ही ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में सक्रिय हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER