Special / जब कुएं में गिर गया भारी भरकम हाथी, वीडियो में देखिए कैसे निकला बाहर

Zoom News : Jun 27, 2022, 03:02 PM
झारखंड के रामगढ़ जिले में स्थित गोला वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात कोई नई बात नहीं है। सालों भर बड़ी संख्या में जंगली हाथियों का झुंड क्षेत्र में विचरण करता रहता है। शनिवार की देर रात भी करीब डेढ़ दर्जन जंगली हाथी संग्रामपुर व हुल्लू क्षेत्र में विचरण कर रहे थे। इन हाथियों के पीछे हाथी भगाओ दल भी चल रहा था। अंधेरा होने के कारण हाथियों के झुंड को खेत में बने कुएं का अंदाजा नहीं लग पाया और एक विशल हाथी कुएं में गिर गया। इसका पता चलते ही वन विभाग के अधिकारियों-कर्मियों ने आसपास के ग्रामीणों के सहयोग से कुएं में गिरे हाथी को रेस्क्यू कर सकुशल बाहर निकाला। रेस्क्यू टीम में शामिल वन कर्मियों को हाथी को कुएं से बाहर निकालने में करीब पांच घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

जेसीबी की मदद से कुएं में बनाया गया रास्ता: अंधेरा होने के कारण अल सुबह पांच बजे से हाथी को कुआं से बाहर निकालने का प्रयास किया गया। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत कर कुएं को धंसा कर उसमें रास्ता बनाया। इसके बाद किसी तरह हाथी को कुआं से निकाल लिया गया। रात भर पानी में तैरते रहने से हाथी काफी थक गया था। जिसके कारण बनाए गए संकीर्ण रास्ते से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। जिसके कारण जेसीबी चालक ने पीछे से धक्के दे कर हाथी को उसी रास्ते से बाहर निकाला। चुपचाप संग्रामपुर जंगल की ओर चला गया।

हाथी के कुएं में गिरने की सूचना पर वहां पर आस पास के हजारों लोग जमा हो गए थे। कई लोगों ने वीडियो बना कर सोशल मीडिया में वायरल करने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि हर रोज की तरह हाथियों का झुंड खेत में लगे मकई, भिंडी व अन्य तरह के फसलों खाने के साथ उस रास्ते से होकर गुजर रहा था। इसी बीच रात 1.30 बजे के करीब एक विशाल हाथी कुएं में गिर गया। वह जोर जोर से चिंघाड़ने लगा, पिछे पिछे चल रहे हाथी भगाओ टीम को खतरे का अंदेशा हुआ। लोगों को समझ में आ गया कि जरुर कुछ अनहोनी हो गई है। वन विभाग के कर्मचारियों ने भी समझ लिया कि हादसा हो गया है।

इलाके से हाथियों को खदेड़ते समय हादसा

रेस्क्यू टीम में शामिल वन विभाग के फोरेस्टर शिवशंकर, अनिल कुमार, मनीष शर्मा, योगेंद्र महतो, दीपक दास, अजय करमाली व अन्य कर्मचारियों ने बताया कि हाथियों के झुंड में लगभग डेढ़ दर्जन हाथी शामिल हैं। यह झुंड बीसा, टांडील गांव की ओर से हुल्लू की ओर जा रहा था। इनके पीछे वन विभाग की टीम भी चल रही थी। इसी दौरान एक हाथी कुआं में गिर गया। रात होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन सुबह शुरू किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन चला कर हाथी की जान बचा ली गई है। बताया गया कि छोटे आकार के कुएं में गिरने से हाथी को चोट लगी है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER