पणजी / गोवा - दिगंबर कामत की भाजपा में शामिल होने की अटकलें, बन सकते हैं मुख्यमंत्री

Dainik Bhaskar : Mar 17, 2019, 05:42 PM
पणजी. गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की सेहत को लेकर अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। इस बीच खबर है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिगंबर कामत भाजपा में शामिल हो सकते हैं। शनिवार शाम हुई भाजपा विधायकों की बैठक में इस मामले पर चर्चा हुई। डिप्टी स्पीकर लोबो ने कहा कि कामत का नाम अगले मुख्यमंत्री के तौर पर आगे बढ़ाया है। अंतिम निर्णय हाईकमान द्वारा लिया जाएगा।

चर्चा है कि अगले मुख्यमंत्री कामत बनेंगे

लोबो ने कहा, "शनिवार को भाजपा विधायकों की बैठक में कामत के भाजपा में शामिल होने को लेकर बात हुई। वह गोवा के अगले मुख्यमंत्री होंगे या नहीं, इस पर केंद्रीय नेतृत्व अंतिम फैसला लेगा।" राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि कामत ही गोवा के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। कामत 2005 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उस समय भाजपा की राज्य इकाई में वह दूसरे नंबर की हैसियत रखते थे।

लोबो ने कल कहा था- मुख्यमंत्री की हालत बेहद खराब

गोवा के डिप्टी स्पीकर माइकल लोबो ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की हालत बेहद खराब है। उनके बचने की उम्मीद बेहद कम है। जब तक पर्रिकर हैं, तब तक गोवा में लीडरशिप में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। भाजपा नेता दयानंद मांद्रेकर ने कहा कि पर्रिकर की हालत लगातार गिर रही है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को गोवा के लिए जल्द कोई फैसला लेना चाहिए।

'यह भाजपा का गेम प्लान'

गोवा प्रदेश कांग्रेस प्रमुख गिरीश चोडांकर ने कामत के बारे में फैलाई जा रही अफवाहों के लिए भाजपा को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि कामत और कांग्रेस की छवि खराब करने के लिए भाजपा ने यह गेम प्लान बनाया है। कामत अभी तक कांग्रेस में ही हैं और आगे भी वह पार्टी में ही रहेंगे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER