Coronavirus / भारत आज उस देश से आगे निकल जाएगा, जहां हो चुकी हैं 33 हजार मौतें

News18 : Jun 05, 2020, 08:49 AM
Coronavirus In India:  भारत ने लॉकडाउन से अनलॉक-1 की तरफ जैसे ही कदम बढ़ाए, वैसे ही कोरोना वायरस (Coronavirus) बेकाबू हो गया है। अब देश में तकरीबन रोज 8000-9000 नए केस आ रहे हैं। गुरुवार सुबह सरकार ने बताया कि 24 घंटे में 9,304 केस सामने आए हैं। भारत (India) सबसे अधिक केस के मामले में सातवें नंबर पर एक हफ्ते पहले ही आ गया था। पूरी संभावना है कि वह शुक्रवार (5 जून) को इटली (Italy) को भी पीछे छोड़ देगा, जो अभी छठे नंबर पर है।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार को भारत में कोविड-19 (Covid-19) के कुल 2,16,919 केस थे। इनमें 1,06,737 एक्टिव केस हैं। जबकि, 1,04,107 लोग संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। देश में अब तक 6,075 लोग इस महामारी से जान गंवा चुके हैं। ‘वर्ल्डमीटर्स’ के मुताबिक रात होते-होते भारत में कुल केस बढ़कर 2,26,693 हो गए हैं। इटली 2,34,013 केस के साथ छठे नंबर पर है। यानी इटली और भारत के बीच अब 7,320 केस का अंतर है।

भारत में बुधवार और गुरुवार के बीच 9300 से अधिक केस आए। इसी दरम्यान इटली में 177 नए केस आए। यानी, इन दो देशों में नए केस आने के मामले में बड़ा अंतर है। ऐसे में यदि भारत में शुक्रवार को 8000 के करीब नए केस आते हैं, तो वह इटली को पीछे छोड़ देगा। यहां बता दें कि भारत में 1 जून को छोड़ दें तो पिछले सात दिन में 8000 से अधिक केस ही आए हैं। एक जून को करीब 7700 केस आए थे।

इटली में 33 हजार मौतें

जब कोरोना वायरस की बात हो रही है तो भारत और इटली की तुलना सिर्फ कुल केस के बारे में करना सही नहीं होगा। यहां यह बताना जरूरी है कि इटली दुनिया का पहला देश है, जहां कोरोना बेकाबू हुआ था। यूरोप का यह देश अप्रैल के महीने में सबसे अधिक मौत के मामले में दुनिया में पहले नंबर पर था। यहां अब तक 33 हजार मौतें हो चुकी हैं। दुनिया में दो ही ऐसे देश हैं, जो मौत के मामले में इटली से आगे हैं। ये दोनों देश अमेरिका और ब्रिटेन हैं। भारत सबसे अधिक मौत के मामले में 12वें नंबर पर है।

डेथ रेट में बड़ा अंतर

भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर 4 लोगों की मौत हुई है। वह दुनिया के उन चुनिंदा देशों में से एक है, जहां मृत्युदर एक अंक में है। जबकि इटली में हर 10 लाख की आबादी पर 557 लोगों ने जान गंवाई है। हालांकि, इटली एक्टिव केस के मामले में भारत से बेहतर स्थिति में है। यहां अब करीब 38 हजार एक्टिव केस हैं, जबिक भारत में यह संख्या एक लाख से अधिक है।

अमेरिका की हालत सबसे खराब

दुनिया में सबसे अधिक केस के मामले में अमेरिका (America) बहुत आगे निकल गया है। दुनिया की महाशक्ति कहे जाने वाले इस देश में कोरोना के 19.10 लाख सामने आ चुके हैं। इनमें से 1.09 लाख लोगों की मौत भी हो चुकी है। ब्राजील (Brazial) 5.90 लाख केस के साथ दूसरे नंबर पर है। रूस (4.41 लाख) तीसरे, स्पेन (2.87 लाख) चौथे और ब्रिटेन (2.81 लाख) पांचवें नंबर पर है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER