जयपुर / कोलकाता ने राजस्थान को 8 विकेट से हराया, अंक तालिका में टॉप पर पहुंची

Dainik Bhaskar : Apr 07, 2019, 11:38 PM
राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 139 रन बनाए

कोलकाता नाइटराइडर्स ने 19.5 ओवर में 2 विकेट पर 140 रन बनाए

इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें संस्करण का 21वें मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 8 विकेट से हरा दिया। विजयी रन वाइड गेंद से आया। कोलकाता की इस संस्करण में 5 मैचों में यह चौथी जीत है। उसके 8 अंक हो गए हैं। वह अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गई। चेन्नई सुपरकिंग्स के भी 5 मैच में 8 अंक हैं, लेकिन नेट रनरेट कम होने के कारण वह दूसरे नंबर पर है। राजस्थान की 5 मैचों में यह चौथी हार है। वह 2 अंक के साथ 7वें नंबर पर है। इस मैच से कोलकाता के हैरी गर्नी ने आईपीएल में अपना डेब्यू किया। उन्होंने 25 रन देकर 2 विकेट लिए। वे मैन ऑफ द मैच चुने गए।

इससे पहले कोलकाता ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 139 रन बनाए। राजस्थान की ओर से स्टीव स्मिथ ने 59 गेंद पर नाबाद 73 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और एक छक्का लगाया। बेन स्टोक्स भी 14 गेंद पर 7 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। कोलकाता के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता ने 13.5 ओवर में 2 विकेट पर 140 रन बना मैच जीत लिया। रॉबिन उथप्पा 16 गेंद पर 26 और शुभमन गिल 10 गेंद पर 6 रन बनाकर नाबाद रहे।

लिन-नरेन ने पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़े

कोलकाता की ओर से आउट होने वाले बल्लेबाज क्रिस लिन और सुनील नरेन रहे। दोनों ने पहले विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की। नरेन ने 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 25 गेंद पर 47 रन बनाए। वे श्रेयस गोपाल की गेंद पर स्टीव स्मिथ के हाथों लपके गए। लिन 32 गेंद पर 50 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए। गोपाल की गेंद पर सुधेशन मिथुन ने उनका कैच पकड़ा।

स्मिथ का आईपीएल में छठा अर्धशतक

राजस्थान की पारी में स्मिथ ने 44 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उनका इस आईपीएल में यह पहला और ओवरऑल छठा अर्धशतक है। इससे पहले कप्तान अजिंक्य रहाणे 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रहाणे को प्रसिद्ध कृष्णा ने एलबीडब्ल्यू किया। उनके बाद जोस बटलर 34 गेंद पर 37 रन बनाकर आउट हुए। बटलर को हैरी गर्नी की गेंद पर शुभमन गिल ने बाउंड्री के पास कैच किया। आईपीएल में हैरी का यह पहला विकेट है। बटलर की जगह आए राहुल त्रिपाठी 8 गेंद पर 6 रन ही बना पाए। उन्हें हैरी की गेंद पर पीयूष चावला ने लपका।

राजस्थान ने 2 और कोलकाता ने 1 बदलाव किया

राजस्थान रॉयल्स ने इस मैच में दो बदलाव किए थे। उसने स्टुअर्ट बिन्नी और वरुण एरॉन की जगह प्रशांत चोपड़ा और सुधेशन मिथुन को शामिल किया। वहीं, कोलकाता ने एक बदलाव किया। उसने लॉकी फर्ग्युसन की जगह हैरी गर्नी को अंतिम-11 में जगह दी है। हैरी ने इस मैच से आईपीएल में डेब्यू किया। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER