महाराष्ट्र / देवी के निवास स्थान पर कर रहे थे नए साल की पार्टी, 11 युवाओं को कपड़े उतार करवाई गई परेड

Dainik Bhaskar : Jan 03, 2020, 01:10 PM
मुंबई |  शहर से सटे हिल स्टेशन माथेरान के पेब किले(विकटगढ़) पर नए साल के दौरान शराब पार्टी कर रहे 11 युवाओं पर श्री शिव प्रतिष्ठान हिंदुस्तान सेना के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। उन्हें न सिर्फ कई घंटे बंधक रखा गया बल्कि उनके कपड़े उतरा उनसे मांफी भी मंगवाई गई। 1 जनवरी को रात 1 से 3 बजे के बीच हुई इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसके बाद गुरुवार को नेरुल पुलिस ने 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।    

शिवभक्तों का आरोप है कि पेब किला उनके लिए एक धार्मिक स्थल है और ये सभी यहां शराब और गांजा पार्टी कर रहे थे। वीडियो में पीड़ितों में से कुछ लोग इस बात को स्वीकार करने नजर भी आ रहे हैं। इस मामले पर वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर अविनाश पाटिल ने कहा, 'गुरुवार को हमने इस मामले में 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। किसी भी सूरत में मारपीट गलत है।' बता दें कि श्री शिव प्रतिष्ठान राईटविंग नेता संभाजी भिड़े की पार्टी बताई जाती है। यह पार्टी भीमा-कोरेगांव हिंसा में भी आरोपी है। मारपीट करने वालों ने ही यह वीडियो सोशल मीडिया में डाला है। पुलिस ने इनके खिलाफ आईपीसी की धारा 506(2) के तहत केस दर्ज किया है। 

एएसआई के तहत नहीं आता यह किला

श्री शिव प्रतिष्ठान सेना की कल्याण शाखा के प्रमुख अतुल भंडवालकर पाटिल ने कहा, हमने लोगों से किले पर किसी भी तरह की शराब पार्टी करने से मना किया हुआ है। उन्होंने इस तरह की घटना पर कहा कि वे भी पता कर रहे हैं कि इसे किसने अंजाम दिया है। बता दें कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन बॉम्बे निषेध अधिनियम 1949 की धारा 140 के तहत निषिद्ध है। विकटगढ़ किले को न तो भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और न ही महाराष्ट्र पुरातत्व निदेशालय द्वारा नियंत्रित किया जाता है। केवल जिला कलेक्टर के पास ही इस पर निगरानी का अधिकार है। अतः यहां होने वाली किसी भी गतिविधि पर उनके पर कार्रवाई का अधिकार है।

देवी पेब के नाम से पड़ा इसका नाम

पेब किला या विकटगढ़ के बार में कहा जाता है कि यह देवी पेब का निवास स्थान है। इसका निर्माण छत्रपति शिवाजी महाराज के काल में हुआ था। इसके एक कोने में एक मंदिर भी है। यह ट्रैकिंग करने वालों की पसंदीदा जगह है।  

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER