Weather Update / दिल्ली में हफ्ते भर तक गर्म हवाएं नहीं चलने की संभावना नहीं

Zoom News : Apr 06, 2021, 06:58 AM
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली (Delhi) के कुछ हिस्सों में सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। हालांकि मौसम विभाग ने कहा कि अभी यहां एक और सप्ताह तक गर्म हवाएं चलने की संभावना नहीं है। सफदरजंग वेधशाला के मुताबिक शहर में अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान (Minimum Temperature) 18।5 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा।

दिल्ली के नजफगढ़, नरेला और पीतमपुरा के मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान क्रमश: 40 डिग्री सेल्सियस, 40.3 डिग्री और 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

क्षेत्रीय मौसम विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली में 11-12 अप्रैल तक गर्म हवाएं चलने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को तापमान में वृद्धि होने का अनुमान है। हालांकि आने वाले दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है।

इससे पहले, बीते मार्च महीने में पिछले 76 वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ जब दिल्ली का तापमान 40 डिग्री के पार चला गया था। देश की राजधानी में तापमान सामान्य से आठ डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया है। लोग गर्मी से विचलित देखे गए।

मौसम विज्ञानियों की मानें तो दिल्ली में वर्ष 1945 के बाद पहली बार गर्मी में इतनी तेजी देखी गई। 29 मार्च को दिल्ली का पारा 40.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मार्च के महीने में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। मार्च में ही दिल्लीवासियों को पहली बार लू चलने जैसी गर्म हवा की तपिश महसूस की गई। जबकि आम तौर पर इसका आभास अप्रैल के महीने में होता रहा है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER