राजस्थान / मास्क लगाकर दूल्हा- दुल्हन ने की शादी, बारात में पहुंचे महज 2 बाराती

News18 : Mar 30, 2020, 06:16 PM
जोधपुर। कोरोना (Corona) महामारी को रोकने के लिए देश भर में लॉकडाउन (Lockdown) लागू  है, लेकिन पूर्व निर्धारित विवाह आयोजन अब भी बहुत सादगी से संपन्न हो रहे हैं। शहर में रविवार रात एक ऐसा ही विवाह (Marriage) संपन्न हुआ है। इस विवाह में दूल्हा महज दो बाराती लेकर पहुंचा। वधू पक्ष के चुनिन्दा परिजनों की उपस्थिति में विवाह संपन्न हुआ है। हालांकि, दुल्हन की विदाई रोक दी गई। लॉकडाउन समाप्त होने के पश्चात गाजे-बाजे के साथ दुल्हन की विदाई होगी।

शहर के ईसाइयों के कब्रिस्तान निवासी लिखमाराम भादू की तीन बेटियों को विवाह 29 मार्च को प्रस्तावित था। इस बीच कोरोना के कारण बिगड़े हालात को काबू करने के लिए देश में लॉकडाउन लागू कर दिया गया। ऐसे में लिखमाराम ने अपने बेटियों का विवाह स्थगित करने के लिए लड़के वालों से बात की। दो लड़के वाले तो तैयार हो गए, लेकिन कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड निवासी जियाराम को घी पिला विवाह की रस्में शुरू कर दी गई थी।

मान्यता के अनुसार उसका विवाह टाला नहीं जा सकता था

ऐसे में सामाजिक मान्यता के अनुसार उसका विवाह टाला नहीं जा सकता। इस पर सभी ने तय किया कि एक बेटी संतोष की शादी पूर्व निर्धारित तिथि को होगी। इस पर बगैर किसी धूम-धड़ाम के दूल्हे के साथ दो बाराती कल शाम एक कार में सवार होकर पहुंचे। सादगी के साथ दोनों के विवाह की रस्में पूर्ण की गई। बाद में आपसी सहमति से तय हुआ कि दुल्हन की विदाई बाद में उसकी दो अन्य बहनों की शादी के समय एक साथ की जाएगी। ऐसे में दुल्हन को साथ लिए बगैर दूल्हा अकेला ही वापस लौट गया। शादी की कई रस्मों के दौरान दूल्हा-दुल्हन मास्क लगाकर बैठे रहे। कुछ अवसर पर मास्क को हटाया गया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER