कनाडा / हवा में विमान का लैंडिंग गियर से टायर अलग हुआ, यात्री ने पायलट को बताया: हादसा टला

Dainik Bhaskar : Jan 07, 2020, 11:41 AM
मॉन्ट्रियल | कनाडा में एक यात्री के वीडियो बनाने की वजह से बड़ा हादसा टल गया। शुक्रवार को मॉन्ट्रियल ट्रूडो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर एयर कनाडा की फ्लाइट 8684 ने उड़ान भरी थी। कुछ सेकंड बाद ही फ्लाइट के प्रमुख लैंडिंग गियर का एक व्हील अलग हो गया। पायलट ने जानकारी मिलते ही विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई। इसमें 49 यात्री सवार थे। 

दरअसल, फ्लाइट ने जैसे ही बगोटविल के लिए उड़ान भरी इस यात्री ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यात्री ने देखा, टायर के बीच में पहले आग लगी। फिर कुछ सेकंड के बाद हवा में विमान के बायीं तरफ का प्रमुख लैंडिंग गियर से एक टायर अलग हो गया। यात्री ने पहले तो इसकी जानकारी कैप्टन को दी। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो अब वायरल हो रहा है। 

एक व्हील से लैंडिंग कराई

यात्री ने बताया, मैं अपनी विंडो से वीडियो शूट कर रहा था। व्हील को अलग होता देख मैं हैरान रह गया। इसके बाद पायलट ने विमान को वापस एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया। इस बारे में जेज एविएशन के प्रवक्ता मेनन स्टुअर्ट ने बताया, ‘‘विमान का पायलट काफी अनुभवी था। उसने तुरंत स्थिति पर नियंत्रण पा लिया और विमान की सेफ लैंडिंग कराई।’’ यात्री के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। 

कारणों का पता लगाया जा रहा है

फ्लाइट ऑपरेटर ने पायलट की तारीफ करते हुए बताया, आपात स्थिति के लिए चेतावनी जारी की गई थी, दमकल की गाड़ियां भी तैयार थीं, लेकिन उनकी जरूरत नहीं पड़ी। जिस विमान का व्हील अलग हुआ वह डेस 8-300 मॉडल है। इसमें तीन लैंडिंग गियर हैं, दो पीछे दाएं-बाएं और एक आगे। प्रत्येक गियर में दो व्हील होते हैं। फिलहाल, मॉन्ट्रियल में हमारे रखरखाव कर्मी जरूरी मरम्मत के लिए विमान की गहन जांच कर रहे हैं, ताकि कारणों को पता लगाया जा सके। यात्रियों को दूसरे विमान से उनके गन्तव्य पर पहुंचाया गया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER