बिहार चुनाव / राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगवानी में जुटेंगे भाजपा के दिग्गज नेता, पटना से होगा शंखनाद

Zee News : Sep 11, 2020, 08:49 AM
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (BJP President J P Nadda) आज दो दिन के दौरे पर बिहार  पहुंचेंगे। इस दौरान वह चुनावी लिहाज से कई बड़े कार्यक्रमों की शुरूआत करेंगे। वह शुक्रवार को जहां पटना के पार्टी कार्यालय में चुनावी संचालन समिति की बैठकर लेकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे, वहीं अगले दिन बिहार में आत्मनिर्भर भारत मुहिम का आगाज भी करेंगे।


इन नेताओं पर दारोमदार

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पहुंचने से पहले ही भाजपा के कई बड़े नेता पटना में मौजूद रहेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य भूपेंद्र यादव और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी आज पटना पहुंच जाएंगे।

भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी फुल इलेक्शन मोड में है। राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह लगातार राज्य में डटे हुए हैं। राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष हाल में राज्य का दौरा कर जा चुके हैं। पार्टी लगातार चुनावी अभियानों को गति देने में जुटी हुई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अपने दौर से पूरे अभियान को और धार देंगे।


2 दिन के दौरे का कार्यक्रम

पार्टी सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज पार्टी के चुनाव संचालन समिति की बैठक लेंगे, वहीं कल शनिवार को राज्य के कुछ हिस्सों का दौरा करेंगे। वह मंदिरों का दर्शन करने भी जा सकते हैं। वह विभिन्न समूहों के साथ संवाद भी करेंगे।

आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत वह मधुबनी में मास्क बनाने वाले समूहों से भी संपर्क कर सकते हैं। भाजपा आत्मनिर्भर भारत अभियान में जनभागीदारी पर जोर दे रही है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का यह दौरा काफी खास है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER