COVID-19 Update / दिल्ली में टूटे सारे रिकॉर्ड, 24 घंटे में कोरोना 19486 केस, 141 मौतें

Zoom News : Apr 17, 2021, 06:42 AM
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना का तांडव जारी है। हर बदलते दिन के साथ कोरोना के मामले, मौतों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में दिल्ली का संकट गहराता दिख रहा है। इस महासंकट के बीच ही आज से राजधानी में वीकेंड कर्फ्यू की शुरुआत हो रही है, जिसका ऐलान बीते दिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किया था।

दिल्ली में कोरोना ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के रिकॉर्ड 19,486 नए केस सामने आए। इसके अलावा 141 लोगों की मौत हो गई। ये आंकड़ा अबतक का सबसे बड़ा है। वहीं दिल्ली से सटे गाजियाबाद में कोरोना के 595 नए केस सामने आए। जबकि नोएडा में 497 नए मामले मिले। 

शुक्रवार की रात से शुरू हुए कफ्यू के दौरान यदि कोई व्यक्ति किसी समस्या से परेशानी में है तो उसके लिए दिल्ली पुलिस ने एक हेल्पलाइन जारी किया है। पुलिस मुख्यालय में पायलट नंबर 01123469900 के जुड़ी इस हेल्पलाइन पर कोई भी अपनी समस्या बता सकता है। यदि कोई स्वास्थ्य की आपात स्थिति में होता है तो वह भी इस हेल्पलाइन से मदद ले सकता है। 

दिल्ली में बढ़ते कोरोना को लेकर बीजेपी प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। जिसमें दिल्ली के सातों लोकसभा सीटों से चुने गए सांसद कोरोना से बचाव की जंग में उतरेंगे। वरिष्ठ नेताओं ने यह तय किया है सांसद हर तरह से इलाके में जाकर लोगों की मदद करेंगे। होम क्वारंटाइन हुए मरीजों को ऑक्सीमीटर, दवा और मास्क बांटना, मोदी किट के माध्यम से चावल, आटा, दाल, आलू, तेल, मसाला आदि उपलब्ध करवाना और पूरे क्षेत्र को सेनेटाइज करवाने का काम करेंगे। 

कोरोना पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वास्थ्य मंत्री सतेन्द्र जैन और अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सभी जिलाधिकारियों को ऑक्सीजन बेड बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने अस्पतालों में बेड्स की उपलब्धता की सही जानकारी जनता को दिया जाना सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा होम आइसोलेशन में रह रहे मरीज़ों के पास जल्द से जल्द सरकारी टीम पहुंचे और मरीज़ों को ऑक्सीमीटर देने के निर्देश दिए। 

दिल्ली में कोरोना संकट के बीच उपराज्यपाल ने पुलिस कमिश्नर, सभी डीएम और एमसीडी के मेयर्स के साथ बैठक की है। मीटिंग में उपराज्यपाल अनिल बैजल ने निर्देश दिए हैं कि कर्फ्यू का सख्ती से पालन करवाया जाए। 


एम्स में डॉक्टरों के साथ हर्षवर्धन की बैठक 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ। हर्षवर्धन ने शुक्रवार सुबह एम्स का दौरा किया। यहां उन्होंने डॉक्टरों के साथ बैठक की और हालात को जाना। एम्स के डॉक्टरों का कहना है कि इस बार की लहर में बच्चे और युवा भी चपेट में आए हैं। डॉक्टरों की ओर से स्वास्थ्य मंत्री के सामने स्टाफ और ऑक्सीजन का मसला उठाया गया।

कोरोना संकट के बीच गृह मंत्रालय के आदेश

कोरोना के बढ़ते संकट के बीच गृह मंत्रालय ने नए आदेश जारी किए हैं। अब अंडर सेक्रेटरी और उससे नीचे स्तर के अधिकारियों को घर से काम करने की अनुमति दी गई है। जबकि दफ्तर में 50 फीसदी कर्मचारी ही आ सकेंगे। गृह मंत्रालय जाने वाले अधिकारियों को सुबह 9 और 10 के बीच अलग-अलग वक्त पर आना होगा, ये आदेश 30 अप्रैल तक जारी रहेगा। जो अधिकारी कंटेनमेंट जोन में हैं, उन्हें दफ्तर आने से छूट है। 

दिल्ली में कोरोना का हाल

•    24 घंटे में आए कुल केस: 19,486

•    24 घंटे में हुई कुल मौत: 141

•    अबतक कुल कोरोना केस: 8,03,623

•    एक्टिव केसों की संख्या: 61,005

•    अबतक हुई कुल मौतें: 11,793


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER