China News / चीन ने रक्षा मंत्री ली शांगफू को पद से हटाने की घोषणा- 2 महीने से है गायब

Vikrant Shekhawat : Oct 24, 2023, 09:30 PM
China News: चीन ने रक्षा मंत्री ली शांगफू को हटाने की घोषणा की है। वे करीब 2 महीने से बिना कोई सूचना दिए गायब हैं। उन पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। शांगफू के खिलाफ सैन्य हथियार की खरीद से जुड़े मामलों में जांच चल रही है। शांगफू को आखिरी बार 29 अगस्त को बीजिंग में अफ्रीकी देशों के साथ एक सिक्योरिटी फोरम में भाषण देते हुए देखा गया था। उस महीने की शुरुआत में उन्होंने रूस और बेलारूस का भी दौरा किया था। जुलाई में शांगफू की तरह ही चीन के विदेश मंत्री क्वीन गैंग भी लंबे समय तक गायब रहे थे। इन्हें बाद में मंत्री पद से हटा दिया गया था।

दरअसल, जुलाई में चीन के रक्षा मंत्रालय में हथियारों की खरीद करने वाली यूनिट ने एक नोटिस जारी किया था। इसमें हथियार की खरीद में बोली लगाने के प्रोसेस से गड़बड़ियां दूर करने की बात कही गई थी। यूनिट ने पब्लिकली ऐसी रिपोर्ट्स मांगी थी, जिसमें गलतियों से जुड़े सबूत हों।

ये रिपोर्ट अक्टूबर 2017 के आसपास के समय से मांगी गई थी। उस दौरान ली शांगफू ही हथियार खरीदने वाले डिपार्टमेंट के हेड थे। वे इस पद पर अक्टूबर 2022 तक थे। रॉयटर्स के मुताबिक, इस यूनिट के 8 और अधिकारियों के नाम भी जांच में शामिल हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER