IPL 2022 / DC vs MI Live Score, IPL 2022 : ललित यादव-अक्षर पटेल की जोड़ी ने मुंबई इंडियंस से छीनी जीत

Zoom News : Mar 27, 2022, 06:54 PM
IPL में आज पहला डबल हेडर यानी दो मैच हैं। पहला मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जा रहा है। जहां DC ने टॉस जीतकर बॉलिंग का फैसला किया है। ईशान के 81 रनों की बदौलत मुंबई ने 177 रन बनाए। इसके बाद दिल्ली बल्लेबाजी करने आई तो मुरुगन अश्विन और बासिल थम्पी ने एक ओवर में 2-2 विकेट लेकर दिल्ली को बैकफुट पर ला दिया।


100 रन पर 6 विकेट खो चुकी दिल्ली की हार तय लग रही थी, लेकिन अक्षर और ललित के बीच 30 गेंदों में 75 रन की साझेदारी हुई और दिल्ली जीत गई।


9 IPL पारियों में फिफ्टी नहीं लगा सके रोहित

रोहित शर्मा 32 गेंदों में 41 रन बनाकर कुलदीप यादव की गेंद पर आउट हुए। हिटमैन का कैच डीप मिडविकेट पर रोवमैन पॉवेल ने पकड़ा। रोहित शर्मा IPL में लगातार नौवीं बार बिना फिफ्टी जमाए आउट हुए। आखिरी फिफ्टी पिछले साल 23 अप्रैल को पंजाब के खिलाफ जमाई थी।


2 साल और 11 मैच बाद कुलदीप ने IPL के एक मुकाबले में लिए 2 विकेट

मुंबई के खिलाफ कुलदीप ने अब तक 2 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने 2 साल 11 मैच बाद आईपीएल के एक मुकाबले में 2 विकेट लिए। आखिरी बार मार्च 2019 में दिल्ली के खिलाफ 41 रन देकर लिए थे 2 विकेट। तब से तब से 11 में से 8 मैचों में एक भी विकेट नहीं ले पाए थे। तीन में 1-1 विकेट लिया था।


IPL में ईशान की लगातार तीसरी फिफ्टी

ईशान किशन मुंबई इंडियंस के लिए लगातार 3 पारियों में फिफ्टी लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बने। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर और क्विंटन डिकॉक के नाम आते हैं। पिछले सीजन में ईशान ने आखिरी दो पारियों में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ नाबाद 50 और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 84 रन बनाए थे।


टिम सिफर्ट का शानदार कैच

16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कीरोन पोलार्ड ने कुलदीप यादव की गेंद को मिड विकेट की दिशा में खेला, लेकिन गेंद को ज्यादा ऊंचाई नहीं मिली और सिफर्ट ने हवा में डाइव लगाते हुए बेहतरीन कैच पकड़ा। टिम का ये कैच सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और काफी पसंद भी किया जा रहा है। 


मुरुगन अश्विन ने पहले ही ओवर में लिए 2 विकेट

मुरुगन अश्विन ने अपने पहले ही ओवर में 2 विकेट चटकाए। ओवर की तीसरी गेंद पर अश्विन ने नजरें जमा चुके टिम सिफर्ट को क्लीन बोल्ड किया। सिफर्ट 14 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए। दो गेंदों के बाद मुरुगन ने मंदीप सिंह को शून्य पर आउट कर मुंबई इंडियंस को दूसरी कामयाबी दिलाई। मंदीप का कैच मिडऑन पर तिलक वर्मा ने पकड़ा।


थंपी ने भी लिए एक ओवर में दो विकेट

मुरुगन अश्विन के बाद बेसिल थंपी ने भी मुंबई इंडियंस के लिए एक ओवर में दो विकेट चटकाए। 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने पृथ्वी शॉ (38) को आउट किया। शॉ का कैच स्‍क्‍वायर लेग पर विकेटकीपर ईशान किशन लंबी दौड़ के बाद पकड़ा। इसके बाद ओवर की चौथी गेंद पर थंपी ने रोवमैन पॉवेल (0) को डीप स्‍क्‍वायर लेग पर डैनियस सैम्स के हाथों कैच आउट कराया।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER