जयपुर / आग लगने से अधेड़ की मौत, मदद के लिए नहीं निकली आवाज

Dainik Bhaskar : Nov 27, 2019, 11:58 AM
राजावास (जयपुर) | यहां बीती रात घर में आग लगने से एक व्यक्ति की जलने और दम घुटने से मौत हो गई।  शख्स घर में अकेला रहता था। सुबह घर से धुआं उठता देखकर आग का पता चला। सूचना पर पुलिस पहुंची और दमकल को बुलाया। दमकल ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भिजवाया।

एसीपी फूलचंद मीणा ने बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि रमल्यावाला में मुकुंदराम के घर से धुआं उठ रहा है। पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वहां का नजारा देखक हर कोई हैरान रह गया। एक शख्स बैड के नीचे पड़ा था। उसके पैर जले हुए थे। पूरा घर धुएं से भरा था। बिस्तर जल चुके थे। मुकुंदराम (45) पुत्र टीपूराम चौधरी मूलत: झूंझुनू के खेतसर का रहने वाला था।

पुलिस का मानना है कि संभवत: व्यक्ति ने रात में बीड़ी पी होगी। बीड़ी बिस्तर पर ही गिर गई होगी जिससे आग लगने और ज्यादा धुआं होने पर दम घुटने से उसकी मौत हो गई। कमरे के हालात देखकर लगता है कि उसने दरवाजा खोलने की कोशिश भी की, लेकिन खोल नहीं पाया और बेहोश होकर गिर गया। पुलिस ने शव को कांवटिया अस्पताल पहुंचाया। लोगों ने बताया कि वह शराब भी पीता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER