जयपुर / गहलोत बोले- मोदी कहते हैं कांग्रेस ने क्या किया; लोकतंत्र जिंदा रखा, तभी आप प्रधानमंत्री बन पाए

Dainik Bhaskar : Nov 02, 2019, 05:10 PM
जयपुर | राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा। गहलोत ने कहा, 'मोदी जी कहते हैं 72 साल में कांग्रेस ने क्या किया। कांग्रेस ने लोकतंत्र जिंदा रखा। तभी आप (मोदी) प्रधानमंत्री बन पाए।'

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के अंदर पक्ष और विपक्ष की भूमिका होती है। सत्ता पक्ष की जिम्मेदारी है कि वो विपक्ष को साथ लेकर चले। अभी वो माहौल नहीं बना है। गहलोत जयपुर जेम्स एंड ज्वैलरी इंस्टीट्यूट के नवनिर्मित छात्रावास भवन के लोकार्पण पर बोल रहे थे। 

'देश में भय का माहौल'

गहलोत ने कहा कि आजकल जमाना बहुत खराब है। भय का माहौल है। मोबाइल पर बात करते हैं तो कहते हैं अरे बंद कर लैंडलाइन पर कॉल कीजिए। क्योंकि इनकम टैक्स, ईडी, सीबीआई, न्यायिक व्यवस्था पर दबाव है। लोग देश छोड़कर जा रहे हैं।   

राष्ट्रवाद पर भी बोले सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा- जो वादे किए थे अच्छे दिन आने के वो धरे रह गए। अब तो राष्ट्रवाद है और हम लोग हैं। हम लोग राष्ट्रवादी तब माने जाएंगे, जब भाजपा, संघ और मोदी जी हमे सर्टिफिकेट देंगे। उनका सर्टिफिकेट काम आएगा। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER