जयपुर / अखबार के पैसे मांगने पर हॉकर की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या, लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

Dainik Bhaskar : Sep 05, 2019, 11:24 AM
जयपुर। जयपुर के खोनागोरियान थाना क्षेत्र में गुरुवार को अखबार के पैसे मांगने पर हॉकर की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। हत्या करने वाले रफीक को वहां मौजूद लोगों ने पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। इसके बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खोनागोरियान थाना क्षेत्र की शंकर विहार कॉलोनी में मन्नू वैष्णव अखबार बांटने का काम करता है। मन्नू वहीं रहने वाले रफीक के घर भी अखबार बांटता है। रफीक पिछले काफी समय से मन्नू को पैसे नहीं दे रहा था। मन्नू ने सुबह रफीक से पैसे मांगे तो वह आपा खो बैठा। वह कुल्हाड़ी ले आया और मन्नू पर वार कर दिए। इससे मन्नू घायल हो गया।

वहां मौजूद कॉलोनीवासी हरकत में आ गए और उन्होंने रफीक को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने रफीक को पीट दिया। पुलिस के आने पर लोगों ने रफीक को पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए तथा रास्ता जाम करने लगे। इस पर पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता मंगवाया गया और नाराज लोगों को समझाया गया। पुलिस के समझाने पर लोग वहां से हट गए।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER