अजमेर / चंद्र ग्रहण आज, शाम 4.20 बजे बंद हो जाएंगे ब्रह्मा मंदिर के कपाट

Dainik Bhaskar : Jul 16, 2019, 12:18 PM
पुष्कर. आषाढ़ मास की पूर्णिमा के मौके पर मंगलवार को खंडग्रास चंद्र ग्रहण होगा। चंद्रग्रहण रात 1.32 बजे से आरंभ होगा तथा 4.30 संपन्न होगा। इससे पहले ग्रहण का सूतक शाम 4.32 से शुरू होगा। सूतक के चलते जगत पिता ब्रह्मा मंदिर समेत सभी मंदिरों के कपाट बंद होंगे। ये कपाट शुद्धिकरण के बाद खुलेंगे तथा पुष्कर सरोवर में ग्रहण का प्रायश्चित स्नान होगा। ग्रहण के सूतक के कारण मंदिरों ने न ताे संध्या आरती होगी और न ही शयन आरती होगी।

चंद्रग्रहण का संपूर्ण काल 2 घंटा 58 मिनट का होगा

ज्योतिषाचार्य पं. कैलाशनाथ दाधीच ने बताया कि मंगलवार को खंडग्रास चंद्रग्रहण होगा। ग्रहण भारत में भी मान्य होगा। चंद्र ग्रहण का सूतक शाम 4 बजकर 32 मिनट पर शुरू होगा। पूर्ण चंद्रग्रहण रात्रि में 1.32 से 4.30 तक रहेगा। उन्होंने बताया कि ग्रहण का संपूर्ण काल 2 घंटा 58 मिनट का होगा। ग्रहण के समय गुरु मंत्र का जाप, अपने इष्ट देव के मंत्र का जाप, धार्मिक ग्रंथ का पठन एवं मनन, हवन, दान, पुण्य करना चाहिए। ग्रहण के समय में चंद्रमा के दर्शन नहीं करना चाहिए। इससे परिवार में अशांति एवं शरीर में रोग का प्रभाव होता है। जिन महिलाओं को गर्भधारण है उन्हें इस ग्रहण को नहीं देखना चाहिए। ग्रहण के समय में लोहे की कोई वस्तु एवं गोद में नारियल लेकर ईश्वर के मंत्र का जाप करें। जिससे गर्भाधान में कष्ट योग नहीं बनेगा। चंद्र ग्रहण उत्तराषाढ़ा नक्षत्र एवं धनु राशि मकर राशि पर विशेष मान्य रहेगा। इन दोनों राशियों वालों को ग्रहण के प्रभाव से बचना चाहिए।

कल सुबह होगा शुद्धिकरण 

ब्रह्मा मंदिर अस्थाई प्रबंध कमेटी की सचिव एवं एसडीएम देविका तोमर ने बताया कि चंद्र ग्रहण के कारण मंदिर के कपाट मंगलवार शाम 4.20 बजे बंद कर दिए जाएंगे। शाम को होने वाली संध्या व रात को शयन आरती नहीं होगी। बुधवार सुबह ग्रहण के शुद्धिकरण के बाद मंदिर के कपाट खोल कर मंगला आरती की जाएगी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER