Mumbai / मुंबई में मिला कोरोना मरीज नहीं है XE वैरिएंट से संक्रमित

Zoom News : Apr 06, 2022, 09:33 PM
मुंबई में एक महिला में कोरोना के नए सब वैरिएंट XE की पुष्टि हुई है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने बुधवार को इस बात का दावा किया था। हालांकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के करीबी सूत्रों का कहना है कि मरीज के नमूने की जीनोम अनुक्रमण XE संस्करण की पुष्टि नहीं करते हैं।

बुधवार शाम को मुंबई से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई थी। बीएमसी ने दावा किया था कि 50 वर्षीय एक महिला जिसमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं, उसमें कोरोना का नया सब वैरिएंट XE की पुष्टि हुई है। कोरोना संक्रमित महिला वैक्सीन की दोनों खुराके लगा चुकी है। बीएमसी के दावे के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय सतर्क हो गया है। हालांकि, स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों ने मरीज के नमूने में एक्सई वैरिएंट की मौजूदगी से इनकार किया है। 

इंडिया टुडे के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि "नमूने के संबंध में FastQ फाइलें, जिसे 'XE' संस्करण कहा जा रहा है, का विश्लेषण INSACOG के जीनोमिक विशेषज्ञों द्वारा किया गया था, जिन्होंने अनुमान लगाया है कि इस संस्करण का जीनोमिक संविधान 'XE' संस्करण की जीनोमिक तस्वीर से संबंधित नहीं है।

क्या कहना है बीएमसी का

बीएमसी के अनुसार, शहर में कोरोना के नए सब वैरिएंट XE का यह पहला मामला है। लेकिन नए संस्करण की पुष्टि के लिए नमूना आगे के विश्लेषण के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोमेडिकल जीनोमिक्स (एनआईबीएमजी) को भेजा जाएगा।

फरवरी में हुआ था कोरोना, मार्च में हुई ठीक

बीएमसी के अनुसार, मरीज पेशे से एक कॉस्ट्यूम डिजाइनर है, जो 10 फरवरी 2022 को दक्षिण अफ्रीका से आई थी। भारत आने पर, कोरोना जांच में वो नेगेटिव पाई गई थी लेकिन 2 मार्च, 2022 को नियमित परीक्षण के दौरान, वह कोरोना संक्रमित पाई गई। कोराना वायरस की पुष्टि होने के बाद उन्हें क्वारंटाइन किया गया, हालांकि अगले दिन उनकी रिपोर्ट फिर कोरोना नेगेटिव आई थी।

क्या है XE सब वैरिएंट

WHO के मुताबिक, कोरोना का नया सब वैरिएंट XE ओमिक्रॉन का एक संस्करण है। जो ओमिक्रॉन के दो स्ट्रेन BA.1 और  BA.2 से मिलकर बना है। XE वैरिएंट को ओमिक्रॉन से भी ज्यादा संक्रामक माना गया है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER