केरल / पुलिस ने कोबरा और डमी का उपयोग कर केरल की महिला की हत्या का क्राइम सीन रीक्रिएट किया

Zoom News : Aug 27, 2021, 10:53 AM
कोल्‍लम (केरल): केरल पुलिस ने चर्चित उत्‍तरा मर्डर कांड में जहरीले कोबरा और एक डमी की मदद से क्राइम सीन रिक्रिएट किया है। पिछले साल 7 मई को उत्‍तरा की कोबरा के काटने से मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे हत्‍या मानते हुए उसके पति सूरज को अरेस्‍ट किया था। पुलिस ने उस शख्‍स को भी अरेस्‍ट किया जिसने सूरज को सांप बेचा था। सूरज इससे पहले वाइपर सांप से पत्‍नी की हत्‍या करने की कोशिश कर चुका था।

केरल पुलिस ने इस क्राइम सीन रिक्रिएशन का वीडियो जारी किया है। इसमें विशेषज्ञों ने यह जानने की कोशिश की कि कोबरा अपने आप किसी पर हमला नहीं करता। इसके लिए उसे उकसाना पड़ता है, इसके अलावा एक्‍सपर्ट ने यह भी देखा कि उकसाने पर कोबरा के बाइट मार्क और अपने आप शिकार पर हमला करने के दौरान बने बाइट मार्क भी अलग-अलग आकार के होते हैं। यह जानकारी इस केस में अहम साबित होगी।

पिछले साल भी वाइपर ने काटा था

पिछले साल जब उत्‍तरा की कोल्‍लम जिले के अंचल इलाके में अपने माता-पिता के घर मृत्‍यु हो गई थी। उसे कोबरा ने काटा था, वह कोबरा भी उसके कमरे से मिला। बाद में पुलिस ने उसका पोस्‍टमॉर्टम भी किया था। पुलिस को जांच में पता चला कि कुछ महीनों पहले उत्‍तरा को वाइपर ने काटा था। इसके बाद वह गंभीर रूप से बीमार हो गई थी और रिकवरी के लिए अपने माता-पिता के पास आई थी।

इंटरनेट पर किया था सर्च

पुलिस ने जब उसके पति सूरज से सख्‍ती से पड़ताल की तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। उसने बताया कि सुरेश नाम के शख्‍स ने उसने दोनों सांप मुहैया कराए थे। सुरेश बाद में पुलिस का गवाह बन गया। यह भी पता चला कि सूरज अपनी पत्‍नी उत्‍तरा से किसी तरह से छुटकारा पाना चाहता था और इसके लिए उसने इंटरनेट पर सांपों के बारे में रिसर्च किया था। फिलहाल, सूरज उसके माता-पिता और बहन पर घरेलू हिंसा का केस चल रहा है। उन पर उत्‍तरा की हत्‍या में सहयोग करने का भी मामला दर्ज है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER