IND vs SA / विराट कोहली ने करियर का लगाया दूसरे सबसे धीमा अर्धशतक, देखिए लिस्ट

Zoom News : Jan 11, 2022, 09:07 PM
IND vs SA | भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में तीसरा और निर्णायक टेस्ट मैच खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम के बल्लेबाज एक बार फिर अपनी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। लेकिन कप्तान विराट कोहली एक छोर पर टिके हुए हैं। उन्होंने 158 गेंद खेलते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में पहला अर्धशतक लगाया, जोकि उनके टेस्ट करियर का दूसरा सबसे धीमा अर्धशतक है। भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और एक छक्का लगाया है।

विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ 2012/13 में नागपुर में 171 गेंद खेलते हुए अपने टेस्ट करियर का सबसे धीमा अर्धशतक लगाया था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन में जारी तीसरे टेस्ट में 158 गेंद खेलते हुए उनका ये दूसरा सबसे धीमा अर्धशतक है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में 2020/21 में उन्होंने 123 गेंद खेलते हुए तीसरा धीमा अर्धशतक बनाया था। जबकि उनका चौथा सबसे धीमा अर्धशतक इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में 2020/21 में बना था।

मेजबान दक्षिण अफ्रीका तीसरे और आखिरी क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन मंगलवार को भारत पर हावी रहा है। इनफॉर्म सलामी बल्लेबाजों लोकेश राहुल और मयंक अग्रवाल के विकेट जल्दी खोने के बाद अच्छी शुरुआत न मिलने के बावजूद कप्तान विराट और अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों अच्छा खेल रहे थे और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 62 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी भी हो गई थी, लेकिन युवा तेज गेंदबाज मार्को यानसन ने 95 के स्कोर पर पुजारा का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ दिया। पुजारा सात चौकों की मदद से 77 गेंदों पर 43 रन बना कर आउट हो गए और एक बार फिर लंबी पारी खेलने से चूक गए।

उनके आउट होने के बाद क्रीज पर आए पूर्व उप कप्तान अजिंक्य रहाणे ने भी एक बार फिर निराश किया। वह 12 गेंदों पर दो चौकों की मदद से नौ रन बना कर आउट हो गए। 116 के स्कोर पर अपना 50 वां टेस्ट खेल रहे रबाडा ने उन्हें अपना शिकार बनाया। पुजारा और रहाणे के कैच विकेटकीपर वेरेने ने लपके।

इनफॉर्म और अनुभवी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कप्तान विराट ने मोर्चा संभाला और यह सुनश्चिति किया कि भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER