विश्व / जापानी अरबपति जो ट्विटर पर अपने फॉलोअर्स को मुफ्त में बांट रहा 64 करोड़ रुपए

News18 : Jan 09, 2020, 02:48 PM
हां, ये बात आपको बेशक अजीबोगरीब या हैरत भरी लगे लेकिन एकदम सच है।  जापान के एक धनी शख्स और फैशन कंपनी के मालिक ट्विटर पर उन्हें फॉलो करने वालों को 90 लाख डॉलर यानि 64 करोड़ रुपए की रकम मुफ्त में बांटने जा रहे हैं।  वो कह रहे हैं कि ऐसा करके वो लोगों की खुशी बढ़ाना चाहते हैं। 

ट्विटर पर मीजावा के 64 लाख फॉलोअर्स हैं लेकिन वो इसमें से करीब 1,000 लोगों को चुनेंगे।  उसमें हरेक को 10 लाख येन (यानि 9,000 डॉलर) यानि 64,000 हजार रुपए की रकम देंगे।  उन्होंने 1 जनवरी को एक ट्वीट किया था।  जिन लोगों ने उसे रीट्वीट किया, उसमें से ही एक हजार लोगों को यह रकम मिलेगी। 

पैसा देकर क्या जानेंगे

इस पैसे का इनमें से हर एक के जीवन पर कैसा और क्या असर होगा, अरबपति कारोबारी की यही जानने में दिलचस्पी है।  इसका पता वे नियमित अंतराल पर सर्वेक्षणों के जरिए लगाएंगे। 

अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो में मीजावा ने इसे "एक गंभीर सामाजिक प्रयोग" बताया।  उन्होंने उम्मीद जताई कि इसमें अकादमिक विशेषज्ञों और अर्थशास्त्रियों की भी दिलचस्पी होगी। 

वो चांद का चक्कर भी लगाने वाले हैं

मीजवा वही इंसान हैं जो एलन मस्क के स्पेसएक्स विमान में बैठकर चंद्रमा का चक्कर लगाने वाले दुनिया के पहले निजी यात्री होंगे।  कलाकृतियों और स्पोर्ट्स कारों पर वह मोटा खर्च करने के लिए जाने जाते हैं।  मायेजावा जापान के सबसे बड़े आनलाइन शॉपिंग माल जोजोटाउन के फाउंडर हैं। 

यूट्यूब पर भी अपने विचार रखते हैं

मीजावा लगातार सोशल मीडिया साइटों पर तमाम विषयों पर अपनी राय रखते हैं।  यूट्यूब के जरिए भी वो यही काम करते हैं।  मीजावा अपने इस प्रयोग को बेसिक इनकम के आइडिया से जोड़ कर देख रहे हैं। 

तब आए थे सुर्खियों में 

इसके पहले भी 43 वर्षीय मीजावा तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने अभिनेत्री गर्लफ्रेंड से अलग होने के बाद सोशल मीडिया पर अपनी भावनाओं का खुलकर इजहार किया था।  तब उन्हें ट्वटिर पर लाखों फॉलोअर्स मिले थे। 

यूट्यूब उनका सबसे नया प्लेटफॉर्म है, जहां वह अपने प्राइवेट जेट से टूर करने से लेकर, नाई से बाल रंगवाने तक के वीडियो डालते हैं।  पहले रॉक स्टार बनने की तमन्ना रखने वाले मीजावा की निजी संपत्ति करीब दो अरब डॉलर है और वह जापान के 22वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। 


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER