मध्य प्रदेश / सतना में बड़ा हादसा, धान से भरा ट्रक ऑटो रिक्शा पर पलटने से 4 की मौत

Zoom News : Jan 16, 2022, 08:22 PM
मध्य प्रदेश के सतना में हुए एक बड़े हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब धान से लदा एक ट्रक ऑटो के ऊपर पलट गया। इसमें ऑटो सवार चार लोगों की मौत हो गई। इनमें ऑटो चालक और उसमें बैठी सवारियां, सास-बहू व पोती शामिल हैं।

ऐसे हुआ हादसा

सतना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर इटमा नदी तीर गांव के पास एक ट्रक उपार्जित धान को अमरपाटन की ओर ले जा रहा था। नदी के पास ऑटो रिक्शा ट्रक को ओवरटेक कर रहा था, तभी ट्रक उसके ऊपर पलट गया। ऑटो रिक्शा में ज्ञानेंद्र मिश्रा, उनकी मां और पत्नी व बेटी बैठे थे। ट्रक, ऑटो रिक्शा पर गिरने से ड्राइवर लखपति सहित ज्ञानेंद्र मिश्रा की मां बंटाना देवी मिश्रा, पत्नी निर्मला मिश्रा व बेटी ऋतु मिश्रा की घटनास्थल पर मौत हो गई। महिलाओं के साथ परिवार के ही ज्ञानेंद्र मिश्रा भी ऑटो रिक्शा में थे जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। 

मुख्यमंत्री शिवराज ने जताया शोक

वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सतना जिले के अमरपाटन में सड़क दुर्घटना में चार नागरिकों के असमय निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने शोक संदेश में ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए नागरिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है और डॉक्टरों को घायलों का उचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

यहां बड़ा हादसा टला 

वहीं सतना शहर में ही एक अन्य बड़ा हादसा टल गया।  शहर के सबसे व्यस्त रहने वाली स्टेशन रोड में धान से लदे ट्रक का पहिया निकल गया। हालांकि अच्छी बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। बताया जाता है कि जिस ट्रक का पहिया निकला वह ओवरलोड था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER