MS Dhoni / 16 सालों में धोनी ने कई बार बदला अपना हेयरस्टाइल, हर बार नए ट्रेंड की करते हैं शुरुआत

News18 : Jul 06, 2020, 09:16 PM

Happy Birthday MS Dhoni: महेंद्र सिंह धोनी को वैसे तो उनके सरल और सीधे व्यवहार और लाइफ स्टाइल के लिए जाना जाता है लेकिन जब बात आती है हेयरस्टाइल की तो वह पीछे नहीं रहते। धोनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में लगभग आठ बार हेयरस्टाइल बदला है।

महेंद्र सिंह धोनी ने जब साल 2004 में डेब्यू किया तब उनके बाल बड़े और सुनहरे थे। अपनी तूफानी बल्लेबाजी के साथ-साथ लंबे सुनहरे बालों को लेकर भी फैंस के बीच छा गए। पाकिस्तान के तब के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ भी उनके इस हेयरस्टाइल के फैन थे और उन्होंने धोनी को 2006 के पाकिस्तानी दौरे पर बाल ना काटने की सलाह दी थी।

धोनी के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धी उन्हें साल 2007 में मिली। टी20 वर्ल्ड कप की जीत के साथ ही धोनी का भी अंदाज बदल गया। उन्होंने सुनहरे बाल काले कर लिए साथ ही बालों को स्ट्रेट भी करा लिया था। साल 2008 में फैंस ने पहली बार धोनी को छोटे बालों में देखा। करियर की शुरुआत के बाद पहली बार धोनी ने ट्रेडमार्क बन चुके बालों को काटा। साइड से बाल छोटे कराकर सिर के बीच के बाल बड़े रखे।

इसके अगले ही साल धोनी फिर अलग हेयरस्टाइल में दिखे। इस बार वह स्पाइक्स लुक में दिखे। धोनी का हेयरस्टाइल सबसे पहले रांची में फैंस ने देखा था। साल 2010 में धोनी ने बज कट कराया। इस तरह के हेयर कट में बालों को ट्रिम कराके एकदम छोटा कर दिया जाता है।

धोनी ने साल 2011 में भारत को 28 साल बाद वर्ल्ड कप जिताया। जीत के अगले दिन ही धोनी गंजे नजर आए थे। वर्ल्ड कप पकड़े गैट वे ऑफ इंडिया के सामने नए हेयरस्टाइनल में धोनी की तस्वीरें काफी वायरल हुई थी।

आईपीएल में भी धोनी से सिर्फ अपने बल्ले से ही नहीं बल्कि हेयरस्टाइनल से भी फैंस का मनोरंजन किया। एमएस धोनी ने बीच में मोहॉक कट भी कराया। इसमें आगे से पीछे तक बाल मीडियम साइज के रहते हैं और साइड से पूरी तरह साफ। साल 2018 के बाद से धोनी सॉल्ट एंड पेपर लुक में दिखाई दे रहे हैं। जहां उनकी दाढ़ी तो सफेद रहती है लेकिन बाल काले रहते हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER