उत्तर प्रदेश / नोएडा में बहुमंजिला इमारत गिरी, 4 लोग मलबे से निकाले गए, कई के दबने की आशंका

AajTak : Jul 31, 2020, 09:18 PM
दिल्ली से सटे नोएडा में बड़ा हादसा हो गया है। यहां पर बहुमंजिला इमारत गिर गई है। इमारत के नीचे कई लोगों के दबे होने की जानकारी है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। नोएडा के सेक्टर 11 स्थित एफ 62 में ये बिल्डिंग गिरी है। बताया जा रहा है कि इमारत निर्माणाधीन थी।

मौके पर पुलिस बल के साथ फायर बिग्रेड की टीम, एंबुलेंस और एनडीआरएफ मौजूद है। मलबे के नीचे 10 से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका है। जानकारी के मुताबिक, चार लोगों को बचा लिया गया है। बचाए गए लोगों में तीन पुरुष और एक महिला है। मौके पर मौजूद रहे लोगों का कहना है कि मलबे के नीचे कई लोग दबे हैं। इमारत नोएडा सेक्टर 24 पुलिस स्टेशन के तहत आती है।

हाल के दिनों में ये दूसरा बड़ा हादसा है। कुछ दिन पहले ही मुंबई में भानुशाली इमारत का एक हिस्‍सा गिर गया था। इस हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।

वहीं, मुंबई के मलाड में भी एक हादसा हुआ था, जहां दो मंजिला घर गिर गया था। मकान के मलबे की चपेट में 15 लोग आ गए। मुंबई फायर बिग्रेड की टीम ने इस हादसे में 15 लोगों को बचाया था। इसमें से दो लोगों की मौत हो गई थी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER