बॉलीवुड / 5000 रुपये लेकर भारत आई थीं नोरा फतेही, कॉफी शॉप में भी किया काम

Zoom News : Feb 06, 2021, 03:03 PM
बॉलीवुड: 6 फरवरी को नोरा फतेही (Nora Fatehi) का जन्म कनाडा में जन्म हुआ था और आज वो अपना 29वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। जन्मदिन के खास मौके पर फैन्स से लेकर बॉलीवुड सेलेब्स तक उन्हें बधाई दे रहे हैं। अपने डांस के दम पर नोरा ने अपने लिए एक बड़ा मुकाम बना लिया है। नोरा का हर गाना अब सुपरहिट साबित होता है। आज के खास दिन पर हम आपको बताते हैं उनके बारे में कुछ खास बातें और किस्से।

2014 में फिल्म 'रोर' से नोरा फतेही ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद नोरा सलमान खान होस्टिड शो बिग बॉस के सीजन 9 में नजर आईं। इस शो के बाद नोरा को फेम मिला। बिग बॉस के बाद नोरा ने 2016 में डांस रियलिटी शो झलक दिखला जा में भी अपना दम दिखाया। बता दें कि नोरा सिर्फ एक शानदार डांसर ही नहीं हैं बल्कि मार्शल आर्ट्स में भी ट्रेंड हैं।

जब नोरा फतेही कनाडा से भारत आई थीं तो उनके पास सिर्फ पांच हजार रुपये थे। नोरा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि गुजारा करने के लिए उन्होंने कॉफी शॉप तक में काम किया। वहीं नोरा ने बतौर टेलीकॉलर लॉटरी की टिकट भी बेचीं थीं। हालांकि नोरा ने करीब 6 महीने तक ही सिर्फ वो जॉब की थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नोरा फतेही को इंग्लिश, हिंदी के साथ ही साथ अरबी बोलनी भी आती है। वैसे क्या आप जानते हैं कि नोरा फतेही, बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की डांस टीचर भी रह चुकी हैं। 2015 में नोरा फतेही ने इससे जुड़ा एक सोशल मीडिया पोस्ट भी किया था।

स्ट्रीट डांसर 3डी और भारत सहित कुछ और फिल्मों में एक्टिंग का जलवा बिखेर चुकीं नोरा फतेही जल्द ही फिल्म ‘भुजः द प्राइड ऑफ इंडिया' में भी नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में अजय देवगन मुख्य किरदार निभाएंगे। वहीं नोरा के पास सलमान खान स्टारर किक 2 भी है।

गौरतलब है कि हाल ही में नोरा का नया म्यूजिक वीडियो 'छोड़ देंगे' रिलीज हुआ है। इस गीत को एक ही दिन में 25 मिलियन से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। वहीं इससे पहले भी नोरा गुरु के साथ 'नाच मेरी रानी', फिल्‍म स्‍त्री में ‘कमरिया’, बाटला हाउस में ‘ओ साकी साकी’, मरजावां में ‘एक तो कम जिंदगानी’ जैसे गानों से धमाका कर चुकी हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER