सीकर / ट्रोले से टकराई राजस्थान रोडवेज बस, 11 हताहत

Zoom News : Jan 09, 2021, 12:44 PM

सीकर. राजस्थान के सीकर शहर के पिपराली रोड चौराहे के पास रोडवेज बस खड़े ईंटों से भरे ट्रोले से अनियंत्रित होकर टकरा गई। शुक्रवार को हुए हादसे के बाद शहर में अफरा तफरी मच गई। बस में मौजूद 11 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए एसके अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने पर उद्योगनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को सड़क से साइड में करवाया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घुमाव पर हुआ हादसा
हैडकांस्टेबल फूलचंद ने बताया कि गंगानगर डिपो की रोडवेज बस झुंझुनूं से यात्रियों को लेकर सीकर आ रही थी। पिपराली चौराहे के पास घुमाव पर एक ट्रेक्टर घूम रहा था। अचानक आए ट्रेक्टर को देख कर चालक ने बस को बचाने के चक्कर में दूसरी ओर घुमा दिया। बस अनियंत्रित होकर साइड़ में खड़े ईंटों से भरे ट्रोले से टकरा गई। बस के आगे का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। बस में बैठे लोगों को सिर व पैरों में काफी चोटें लगी। यात्री घबरा कर बस से बाहर निकल कर भागने लग गए। हादसे को देखकर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने एक-एक कर यात्रियों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद चार गंभीर घायलों को दूसरी बस से अस्पताल में पहुंचाया गया। उद्योगनगर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने अन्य घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। चार जनों को अस्पताल में ही भर्ती करवाया गया है। 7 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।


नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार
सीकर. जिले के ग्रामीण इलाके की पुलिस ने शुक्रवार को नाबालिग से छेड़छाड़ व दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार किया है। 7 जनवरी को पीडि़ता की मां ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया कि उसकी 11 साल की लड़की पहाड़ी में बकरी लेने गई थी। तभी नाबालिग को एक युवक ने पकड़ लिया। वह छेड़छाड़ कर दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। पीडि़ता वहां से छुड़ा कर घर पर भाग गई। उसने घर पर परिजनों को पूरी बात कहीं। तब परिजनों ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER