बॉलीवुड / कंगना के मुंबई पहुंचने से पहले बवाल LIVE

Zoom News : Sep 09, 2020, 11:47 AM

कंगना रनोट कुछ देर में चंडीगढ़ से मुंबई के लिए रवाना होंगी। इस बीच, बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने उनके मुंबई स्थित ऑफिस में अवैध निर्माण को लेकर 24 घंटे में दूसरा नोटिस भेजा। बीएमसी की एक टीम उनके ऑफिस पहुंची और अवैध निर्माण तोड़ने की कार्रवाई की। उधर, कंगना ने इस कार्रवाई पर ट्वीट कर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह एक इमारत (ऑफिस) नहीं, राम मंदिर है, आज वहां बाबर आया है। कंगना ने कहा कि मेरे आने से पहले ही महाराष्ट्र सरकार और उनके गुंडे मेरे ऑफिस के बाहर पहुंच गए हैं और उसे गिराने की तैयारी कर रहे हैं।


कंगना कार से चंडीगढ़ पहुंची थीं

एक्ट्रेस सड़क के रास्ते मंडी (हिमाचल प्रदेश) से चंडीगढ़ पहुंची थीं। एक्ट्रेस ने मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की थी, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया था। केंद्र ने उन्हें Y कैटेगरी की सुरक्षा दी है, इस दौरान 11 सुरक्षाकर्मी हमेशा उनके साथ रहेंगे। इस बीच, मुंबई करणी सेना और रामदास अठावले की पार्टी आरपीआई ने भी उन्हें प्रोटेक्शन देने का ऐलान किया है। कंगना के मुंबई पहुंचते ही शिवसेना समेत कई अन्य पार्टियों की ओर से विरोध तय माना जा रहा है।


शिवसेना ने आज फिर कंगना के लिए अपशब्द का इस्तेमाल किया
शिवसेना ने मुखपत्र 'सामना' में लिखा, 'राजनीतिक एजेंडे को सामने लाने के लिए देशद्रोही पत्रकार और सुपारीबाज कलाकारों के राजद्रोह का समर्थन करना भी 'हरामखोरी' ही है।'

मुंबई आने पर हो सकती हैं होम क्वारेंटाइन

मुंबई की मेयर किशाेरी पेडनेकर ने कहा है कि कोरोना गाइडलाइंस के अनुसार कंगना काे 14 दिनों के लिए होम क्वारैंटाइन में रहना हाेगा। हालांकि, अगर कंगना 7 दिनों के अंदर वापस जाने का टिकट दिखाती हैं तो क्वारेंटाइन से छूट मिल सकती है। इस बीच उनके बंगले के अवैध निर्माण काे ताेड़ने की तैयारी चल रही है।

बृहन्मुंबई म्यूनिसिपल काॅर्पाेरेशन (बीएमसी) ने अवैध निर्माण काे लेकर उनके बांद्रा के पाली हिल बंगले पर नाेटिस चस्पा किया है। इसमें 14 अवैध निर्माण का जिक्र है। कहा गया है कि बिना अनुमति के दाे बंगलाें काे एक में मिलाया गया है। टाॅयलेट काे ऑफिस केबिन में बदला गया और टाॅयलेट काे सीढ़ियाें के पास, स्टाेर रूम काे किचन, अवैध पैंट्री, पहली मंजिल पर लिविंग रूम में अवैध पार्टीशन, पूजाघर में अवैध मीटिंग रूम, बालकनी काे रूम बनाया गया। इसके साथ ही बीएमसी ने उनके मणिकर्णिका फिल्म्स ऑफिस परिसर में निर्माण पर राेक लगाते हुए इसकी अनुमति के कागजात 24 घंटे में पेश करने काे कहा है।

कंगना ने मंगलवार को लिखा, ‘सोशल मीडिया पर मेरे दोस्तों ने बीएमसी के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया था, इसलिए वे आज बुल्डोजर लेकर नहीं आए, लेकिन ऑफिस में नोटिस चस्पा किया।’

ड्रग्स काे लेकर भी कंगना की जांच
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कंगना के ड्रग्स लेने के मामले में जांच कराने की बात कही है। इस पर कंगना ने कहा कि मेरे ड्रग्स लेने के सबूत मिले तो मुंबई छोड़ दूंगी। अभिनेता शेखर सुमन के बेटे अध्ययन ने एक इंटरव्यू में कहा था कि कंगना ने उन्हें भी ड्रग्स लेने काे कहा था।

फडणवीस बाेेले- कंगना का बयान पुलिस का अपमान
भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कंगना के मुंबई पुलिस से डरने वाले बयान काे पुलिस बल का अपमान बताया है। फडणवीस ने विधानसभा में कहा कि वे मुख्यमंत्री रहे हैं, इसलिए पुलिस की ताकत काे जानते हैं। लेकिन पुलिस राजनीतिक दबाव में आ सकती है। कंगना ने कहा था कि फिल्मी माफिया से कहीं ज्यादा मुंबई पुलिस से डर लगने लगा हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER