दुनिया / यूक्रेन पर रूस ने दागीं 75 मिसाइलें, पुतिन के इस करीबी ने बदल दिया रुख

Zoom News : Oct 10, 2022, 05:52 PM
रूस और यूक्रेन के बीच बीते 8 महीनों से युद्ध चल रहा है, लेकिन अब इसमें एक बार फिर से तेजी आ गई है। रविवार को यूक्रेन की ओर से क्रीमिया को जोड़ने वाले एक बड़े पुल को हमला कर उड़ा दिया गया था। इस हमले को रूस ने आतंकी हरकत बताया था और अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। इसके बाद रूस ने सीधे यूक्रेन की राजधानी कीव समेत लावरोव, खारकीव जैसे शहरों पर भी हमला करना शुरू कर दिया है। रूस की ओर से 75 मिसाइलें दागी गई हैं और यूक्रेन के पावर स्टेशनों को भी हमला बनाया गया है। यह हमले व्लादिमीर पुतिन के करीबी जनरल सेरगेई सुरोविकिन को यूक्रेन युद्ध का नेतृत्व सौंपे जाने के बाद तेज हुए हैं।

दो बार जेल भी जाना पड़ा था, पुतिन के हैं करीबी

सुरोविकिन को कड़े फैसले लेने वाले मिलिट्री अफसरों में गिना जाता है। सुरोविकिन को दो बार जेल भी जाना पड़ा था। इसकी वजह यह थी कि 1991 में उनके मातहत काम करने वाले सैनिकों ने मॉस्को की सड़कों पर प्रदर्शन करने वाले तीन लोगों को गोली मार दी थी और उनकी मौत हो गई थी। इसके चलते उन्हें 6 महीने के लिए जेल जाना पड़ा था। इसके बाद उन्हें हथियारों के अवैध कारोबार को लेकर भी सजा हुई थी। हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया था। सीरिया के अलेप्पो शहर में भीषण बमबारी करने में उनकी ही अहम भूमिका थी। 

हवाई हमलों के एक्सपर्ट माने जाते हैं सुरोविकिन

सीरिया के राष्ट्राध्यक्ष बशर अल-असद के समर्थन में गृह युद्ध में रेस ने दखल दिया था और यह हमले किए गए थे। तब उनकी काफी चर्चा हुई थी और रूस में उन्हें सबसे बेहतर सैन्य कमांडर करार दिया गया था। हवाई हमलों के एक्सपर्ट के तौर पर पहचान रखने वाले इन्हीं सुरोविकिन को अब पुतिन ने कमान सौंपी है और तब से ही यूक्रेन पर हमले तेज हो गए हैं। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER