पश्चिम बंगाल / नाराज पत्नी ने कर ली दूसरी शादी, ससुराल के सामने धरने पर बैठा पहला पति

Zoom News : Jul 17, 2021, 06:53 AM
पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक शख्स अपनी पत्नी को वापस हासिल करने के लिए धरने पर बैठा है। जबकि उसकी नाराज पत्नी ने दूसरी शादी कर ली है। अब वो पहले पति के साथ नहीं जाना चाहती। घरेलू कलह के चलते महिला ने पहले पति का घर छोड़ दिया था।

बर्दवान की रामचंद्र कॉलोनी की में रहने वाली एक युवती की शादी दो साल पहले अवनीश (बदला हुआ नाम) के साथ हुई थी। उन दोनों ने प्रेम विवाह किया था। लेकिन शादी के 3 महीने बाद ही पति-पत्नी के बीच अनबन होने लगी। रोज घर में झगड़ा होने लगा। घरेलू कलह इतनी बढ़ गई कि अवनीश की पत्नी ससुराल छोड़कर मायके चली गई और फिर लौटकर नहीं आई।

धरने पर बैठे अवनीश का आरोप है कि वो अपनी पत्नी को वापस लाने भी गया था। लेकिन उसके परिजनों ने उसे मारपीट कर वहां से भगा दिया। तब वो अपनी पत्नी के घर भी नहीं गया। कुछ दिनों पहले ही उसे अपनी पत्नी की दूसरी शादी की खबर मिली। ये सूचना मिलते ही अवनीश अपनी पत्नी की नई ससुराल पहुंच गया और यहां धरने पर बैठ गया।

उसने हाथ में एक पोस्टर भी ले रखा है, जिस पर लिखा है कि "मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं। एक दूसरे बोर्ड पर लिखा हुआ है कि तुम मुझ पर गलत आरोप लगाकर क्यों दूसरे के साथ चली गई।"

उधर, महिला का कहना है कि अवनीश उस पर अत्याचार करता था। उसके साथ मारपीट करता था। इसी वजह से वो वहां से भाग गई। अब मामला अदालत में चल रहा है। बार-बार तलाक की अर्जी लगाने के बावजूद उसने तलाक नहीं दिया है। महिला ने साफ कर दिया कि वह अवनीश के साथ वापस नहीं जाएगी। उसने अवनीश से कहा कि दोबारा वो उसकी ससुराल में पांव भी ना रखे। अब यह मामला कोर्ट में चल रहा है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER